आम आदमी पार्टी द्वारा एक युवक की सरेआम पिटाई किए जाने मामला सामने आया है। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक को डंडे से बेरहमी से पीटता दिखाया गया है। मारने वाले की पहचान किराड़ी से ‘आप’ विधायक के प्रतिनिधि सौरभ झा के तौर पर हुई है। ‘आप’ नेता के साथ कुछ अन्य लोग भी डंडे से ही युवक को पीटते हैं। लेकिन मौके पर ही मौजूद पुलिसवाले मूक दर्शक बन खड़े रहे। आप नेता ने जिस युवक को पीटा है उस पर छेड़खानी का आरोप लगा था।

मामला किराड़ी क्षेत्र का ही है और 14 नवंबर का बताया जा रहा है। वीडियो में पीटे गए युवक की पहचान इलाके के ही विकास के रूप नें हुई है। विकास पर छेड़खानी का आरोप लगा था। जहां सुबह ही विकास के कपड़े उतारकर लाठी डंड़ों से पीटा जाने लगा। वहीं पर कुछ पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। लेकिन युवक को पिटने से नहीं बचाया। न ही किसी अन्य ने कुछ भी बोलने की हिम्मत दिखाई।

वहीं, विकास की मां ने इस बारे में बताया कि, वह सुबह सौरभ झा के पास एक बलात्कार के केस को खत्म करने के लिए गई थीं। इस केस में विकास का बड़ा भाई भी शामिल था। विकास की मां ने बताया कि, निपटारे के लिए सौरभ झा ने 25 लाख रुपए की मांग की। जिसे देने से साफ मना कर दिया। इससे नाराज विधायक प्रतिनिधि ने गुस्से में आकर विकास को ही पीटना शुरू कर दिया।

मामले पर सौरभ झा ने कहा कि, इलाके में विकास अपने दोस्तों के साथ मिलकर गुंडागर्दी करता है। इतना ही नहीं वह सब लड़कियों से छेड़खानी भी करते हैं। विकास की हरकतों से पूरे इलाके के लोग परेशान रहते हैं। इसी के चलते उन्होंने उसकी पिटाई कर दी।