शॉपिंग करके अपने दो साल के बच्चे के साथ घर वापस लौट रही महिला की बदमाश ने महज इस वजह से हत्या कर दी क्योंकि उसने चेन स्नैचिंग का विरोध किया था। बड़े-बड़े कारनामे करने के लिए मशहूर दिल्ली पुलिस अभी तक बदमाश का सुराग नहीं जुटा सकी है। आदर्श नगर इलाके में हुई यह वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। महिला की हत्या से क्षुब्ध लोग अब दिल्ली पुलिस को आईना दिखा रहे हैं।
लुटेरे की क्रूरता का शिकार बनी सिमरन कौर की उम्र 25 साल थी। 3 साल पहले उसकी शादी हुई थी। वो अपने पीछे 2 साल का एक छोटा बच्चा छोड़ गई है। सिमरन का ससुराल पंजाब के पटियाला में है। अभी वह आदर्श नगर इलाके में स्थित अपने मायके में आई हुई थी। शनिवार को सिमरन एक अन्य महिला के साथ पास के बाजार से शॉपिंग करके लौट रही थी। उस वक्त रात के करीब 9.30 बजे थे। तभी बदमाश ने उसके ऊपर हमला बोलकर गर्दन में चाकू से वार किया।
सीसीटीवी में दिख रहा है कि सिमरन की गोद में उसका बच्चा है। वह एक अन्य महिला के साथ अपने घर की तरफ जाती दिख रही है। तभी गली के मोड़ पर खड़ा चेन स्नैचर सिमरन के पास आया और हमला कर दिया। उसने पीछे से सिमरन के गले की चेन खींचने की कोशिश की। सिमरन ने विरोध किया तो उसने चाकू मार दिया। फुटेज में दिख रहा है कि महिला ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो बदमाश सिमरन की गर्दन पर चाकू से दो बार वार कर दिया।
हमले में सिमरन गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने अस्पताल में महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस को इसका पता चला तो तुरंत प्रभाव से छानबीन शुरू की गई। हालांकि, खुद को तेज तर्रार बताने वाली दिल्ली पुलिस के पास इस बात का कोई जवाब नहीं है कि बदमाश आखिर कहां फरार हो गया।
25-year-old woman stabbed to death in North-West Delhi’s Adarsh Nagar while trying to resist a snatching attempt pic.twitter.com/xVWVlFLrYd
— NDTV (@ndtv) February 28, 2021
गौरतलब है कि शुक्रवार को दिल्ली के कालकाजी इलाके में बहन का पीछा कर रहे लड़कों का विरोध करने पर उसके भाई को चाकू मार दिया गया था। बताया जा रहा है कि बहन का कथित तौर पर पीछा करने और अभद्र टिप्पणी करने का नाबालिग भाई ने विरोध किया था। इस पर गुस्साए तीन लड़कों ने पहले तो उसकी पिटाई की और फिर चाकू मार दिया। वारदगात एक स्कूल के नजदीक हुई। घायल लड़का कालकाजी का रहने वाला है और उसे एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। खास बात है कि पीड़ित लड़की ने छेड़खानी की शिकायत पुलिस से की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।

