दिल्ली में फार्महाउस के बाहर आलीशान बारातों और घुड़चढ़ी अब बीते कल की बात होने वाली है। क्योंकि दक्षिणी दिल्ली नगर निगम द्वारा जारी नई फॉर्महाउस पॉलिसी में अनिवार्य तौर पर कहा गया है कि फार्महाउस के बाहर सड़कों पर कोई बारात और घुड़चढ़ी की अनुमति नहीं दी जाएगी।

मामले में संबंधित अधिकारी ने बताया कि ऐसा ही नियम बैंकेट हॉल के लिए जारी किया जाएगा। क्योंकि वो भी ट्रेफिक जाम का मूल कारण होते हैं। यहां जानकारी के लिए बता दें कि हिंदू रिति-रिवाज के विवाह समारोह में दूल्हा घोड़ी पर दुल्हन के घर पहुंचता है। हिंदुओं के इसी अनुष्ठान को घुड़चढ़ी कहा जाता है।

इन नियमों में कहा गया है कि सभी फॉर्महाउस संचालकों को भरोसा देना होगा कि उनके फॉर्महाउस में बारात का कोई प्रावधान नहीं होगा। आने-जाने के अलग-अलग द्वार होंगे। इसके अलावा पार्किंग फॉर्महाउस परिसर के बाहर नहीं होनी चाहिए।

जानकारी के मुताबिक कोई भी फॉर्महाउस मालिक इन नियमों को तोड़ता हुआ पाया गया तो उसपर दो लाख रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। ऐसा सिर्फ पहली बार के लिए हैं। दूसरे बार नियम तोड़ा तो चार लाख रुपए का जुर्माना लगेगा। तीसरी बार नियम तोड़ा तो आठ लाख रुपए का जुर्माना लगेगा। चौथी बार ऐसा किया तो फॉर्महाउस को दो साल तक किसी भी सामाजिक सम्मेलन की इजाजत नहीं दी जाएगी।