केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी मंगलवार को धौलाकुआं के पास भीषण जाम में फंस गए। काफी देर इंतजार के बाद भी राहत नहीं मिली तो फ्लाइट मिस होती दिखी। इसके बाद उन्होंने दिल्ली मेट्रो का सहारा लिया। जिससे समय से फ्लाइट पकड़ने में सफल रहे। बाद में उन्होंने ट्वीट कर इस वाकये की जानकारी देते हुए दिल्ली मेट्रो सेवा की सराहना की। पूर्व राजनयिक और अब मोदी सरकार में मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मेट्रो में यात्रियों के साथ सफर करने की तस्वीर भी ट्विटर पर डाली। उन्होंने मेट्रो को विश्वस्तरीय संपदा करार दिया।

मंत्री ने मेट्रो से सफर का अनुभव बताते हुए लिखा-एयरपोर्ट जाते समय मैं धौलाकुआं के पास जाम में फंस गया था। अब मेरे पास दो चारा बचा था या तो फ्लाइट मिस करूं या फिर मेट्रो पर भरोसा करूं। मैने मेट्रो से सफर का फैसला किया। साफ, स्वच्छ और बेहद कुशल। हमने एक विश्वस्तरीय संपदा निर्मित की है।केंद्रीय मंत्री के ट्वीट पर बीजेपी नेता तरुण विजय ने भी जवाब देते हुए कहा कि आपने अच्छा उदाहरण दिया।मेट्रो से अधिक से अधिक लोगों को सफर करना चाहिए। तरुण विजय ने कहा कि दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस बहुत सुविधाजनक है।

कुछ दिन पहले केंद्रीय मंत्री ने कहा था कि उन्होंने दिल्ली मेट्रो को छात्रों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए किराए में विशेष छूट देने की सलाह दी थी, ताकि पिछले साल किराया बढ़ने के कारण यात्रियों की जेब पर कम बोझ पड़े। बता दें कि पिछले साल कुछ रूट पर सौ प्रतिशत तक किराया बढ़ गया था। जिसके बाद दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार के बीच आरोप-प्रत्यारोप हुए थे।