मीनाक्षी की बीच बाजार में चाकुओं से गोदकर की गई हत्या के एक हफ्ते के भीतर दिल्ली में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। बाहरी दिल्ली के शहाबाद दौलतपुर गांव में एक युवक की उसके घर में घुसकर चाकू से गोद कर हत्या की गई। उस पर 15 हमले किए गए हैं। मृत्तक की पहचान ब्रह्म प्रकाश के रूप में हुई।
ब्रह्म प्रकाश का झगड़ा अपने घर के बाहर दो युवकों को पेशाब करने से मना करने के फलस्वरूप हुआ था। यह वारदात बीती देर रात की है। शुरुआती जांच के मुताबिक जब ब्रह्म प्रकाश अपने काम से घर लौटा तो उसने दो युवकों को अपने घर के बाहर पेशाब करते देखा तो उन्हें मना किया। जिसके बाद दोनों युवकों से कहासुनी हुई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच बचाव किया। इसके बाद दोनों युवक चले तो गए लेकिन ब्रह्म प्रकाश को अंजाम भुगतने की धमकी भी दे गए। इसके बाद दोनों युवक अपने अन्य चार साथियों के साथ वापस आए और ब्रह्म प्रकाश के घर में घुसकर उस पर चाकूओं से ताबातोड़ हमले शुरू कर दिए।
इस बीच ब्रह्म प्रकाश का बड़ा भाई घनराज उसे बचाने के लिए आया मगर हमलावरों ने उसे भी हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। ब्रह्म प्रकाश की चाकूओं के हमले के बाद मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पीसाआर वैन को पूरी घटना की सूचना दी गई। पीसीआर वैन में लोकल थाने को इस मामले की जानकारी दी, मगर पीड़ित परिवार का कहना है कि पुलिस ने समय पर अगर कोई कार्रवाई करती तो इस वारदात को रोका जा सकता था। हमलावरों की पहचान कर ली गई है। सभी हमलावर फरार है। किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।