दिल्ली में एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है। खुलासा होने के बाद मामला किसी थ्रिलर फिल्म से कम नहीं लगता। आरोपी की नौकरी चली जाती है। जिसके लिए वह कंपनी के लोगों को जिम्मेदार मानता है। इसके लिए वह उन्हें सजा देने की भी ठानता है। लेकिन उसकी पत्नी उसे रोकती है। कुछ देर के लिए उसे पत्नी और बच्चे की फिक्र भी होती है। लेकिन उसने 8 हत्याएं करने की ठान ली थी। तो इन हत्याओं का सिलसिला वह अपनी पत्नी से ही शुरू कर देता है। आरोपी ने पत्नी को पहले करंट लगाया और फिर गला दबाकर हत्या कर दी। लेकिन पुलिस की तत्परता से साइको किलर अपने आगे के मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाता है।
मुंडका में पुलिस ने राजीव को गिरफ्तार कर लिया है। राजीव पर ही अपनी पत्नी सोनिया को मारने का आरोप है। पुलिस के हत्थे चढ़ते ही राजीव ने अपनी तैयार की हुई खूनी स्क्रिप्ट के पन्ने खोलना शुरू कर दिया। जिससे पुलिस के भी होश उड़ गए।
राजीव ने बताया कि, कुछ दिन पहले उसकी नौकरी चली गई। जिसके लिए वह मैनेजर को कसूरवार मानता है। इसके लिए वह मैनेजर को मारना चाहता था। साथ ही वह 7 अन्य को भी मारना चाहता था। जिनमें मैनेजर के अलावा उसकी महिला मित्र और उसका पति, कुछ रिश्तेदार और एक दोस्त की हत्या की योजना भी बना ली थी। राजीव ने तीन पिस्टल और करीब दो दर्जन कारतूस खरीदे।
साइको किलर ने खुलासा किया कि, उसकी शादी 5 साल पहले ही सोनिया से हुई थी। उसे फिक्र थी कि उसके जेल जाने के बाद उसकी पत्नी और बच्चे का क्या होगा। आरोपी ने पुलिस को बताया कि 24 नवंबर को उसने पत्नी के हाथ पैर बेड से बांध दिए। इसके बाद उसे बेहोश करने के लिए उसे करंट लगाया। जब वह बेहोश हो गई तो उसने सोनिया का गला घोंट कर मार डाला।
जिसे बाद में वह अस्पताल लेकर भी गया। जहां उसने डॉक्टरों को करंट लगने की बात बताई। लेकिन जांच के बीच वह भागने की कोशिश में था। जिसकी भनक पुलिस को लग गई। पुलिस ने बस स्टेशन से ही आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने उसके पास से तीन पिस्टल, 25 कारतूस बरामत किए हैं। जिसे उसने एटा से खरीदा था।