अगर आप राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रहते हैं और मेट्रो या बसों में यात्रा करते हैं तो थोड़ा सावधान हो जाएं। दरअसल दिल्ली में इन दिनों महिलाओं का ऐसा गैंग सक्रिय हो गया है जो ‘हनीट्रैप’ के जरिए लोगों को अपना शिकार बना रहा है। इस गैंग के निशाने पर खासतौर पर अधेड़ उम्र के लोग रहते हैं जिन्हें ये महिलाएं चिकनी-चुपड़ी बातों में फंसाकर अपना शिकार बना लेती हैं। हाल में पकड़ी गई महिला गैंग की सदस्यों ने पुलिस को यह जानकारी दी है। इन्होंने बताया कि बसों या मेट्रो में भीड़ होने पर सदस्यों को लोगों के आगे और पीछे खड़ा कर दिया जाता है। महिलाएं झुंड बनाकर अपने शिकार को घेर लेती हैं। उसे अपने जाल में फंसाने की कोशिश करती हैं। इसी बीच गैंग की बाकी महिला सदस्य धक्का-मुक्की करते हुए मौका मिलते ही आसानी से पर्स या मोबाइल फोन चुरा लेती हैं। सदस्यों ने बताया कि अगर उनका टारगेट बैग लटकाकर खड़ा होता है तो गैंग के मेंबर उसे भी खोलकर सामान चुरा लेते हैं।
हनीट्रैप के जरिए लोगों को अपना शिकार बनाने वाली दो महिला को संगम विहार थाने की पुलिस ने पकड़ा था। एसएचओ उपेंद्र सिंह और उनकी टीम द्वारा पकड़ी गईं इन महिलाओं ने पूछताछ में बताया कि वो मेट्रो और बसों के अलावा मंदिरों में भी भक्तों की जेब काटती थीं। महिलाओं के मुताबिक अधेड़ उम्र के लोगों को निशाना बनाना ज्यादा आसान होता है। इसके लिए गैंग युवा सदस्यों को इन लोगों के आसपास खड़ा करता है और कुछ ही देर बाद ऐसे यात्रियों का माल उनके पास होता है।
बता दें कि साल 2017 में सीआईएसएफ ने मेट्रो स्टेशनों से ऐसी 1292 महिलाओं को मेट्रो परिसर से बाहर निकाला, जिन पर शक था कि वो यात्रियों का सामान चुरा सकती हैं। जानाकरी के मुताबिक इस साल भी अबतक 500 से ज्यादा महिलाओं को मेट्रो से बाहर निकाला जा चुका है।