केंद्रीय प्रशासन में मध्यस्तर पर एक बड़े फेरबदल के तहत गुरुवार को विभिन्न मंत्रालयों में 14 नए संयुक्त सचिवों की नियुक्ति की गई। इस फेरबदल में दो आइपीएस अधिकारियों व भारतीय वन और भारतीय डाक सेवा के एक-एक अधिकारी की भी नियुक्ति की गई। फेरबदल का मकसद स्मार्ट सिटी परियोजना जैसे सरकार के महत्त्वाकांक्षी कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में तेजी लाना व खान, सूचना प्रौद्योगिकी व सड़क परिवहन जैसे अहम क्षेत्रों पर जोर देना है।

कार्मिक व प्रशिक्षण विभाग के एक आदेश के अनुसार राष्ट्रीय जांच एजंसी (एनआइए) के महानिरीक्षक आइपीएस अधिकारी पीवी रामाशास्त्री को उपभोक्ता मामलों के विभाग में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। पूर्वी दिल्ली नगर निगम के आयुक्त 1991 बैच के संघशासित क्षेत्र संवर्ग के आइएएस अधिकारी अमित यादव दूरसंचार विभाग में संयुक्त सचिव बनाए गए हैं।
इसके अलावा 1988 बैच के मध्य प्रदेश संवर्ग के आइएएस अधिकारी प्रवीण गर्ग को आर्थिक मामलों के मंत्रालय में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। उनके बैच के राजीव बंसल इलेक्ट्रॉनिक और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के नए संयुक्त सचिव होंगे।
अन्य आइएएस अधिकारी दिनेश कुमार कृषि विभाग में संयुक्त सचिव बनाए गए हैं। इसी तरह अन्य कई नियुक्तिां भी हुई हैं।