चांदनी चौक से सांसद व केंद्रीय मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने नोटबंदी से पैदा हुई स्थिति और व्यापारियों की कठिनाइयों को समझने के लिए शनिवार को पुरानी दिल्ली के व्यापारिक क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाया। लाल किले के पास स्थित गौरी शंकर मंदिर से शुरू हुए इस जनसंपर्क अभियान के दौरान डॉ. हर्षवर्धन ने कई स्थानों पर व्यापारियों से चर्चा की और उनकी समस्याओं को समझा। शीशगंज गुरुद्वारा, दिल्ली हिंदुस्तानी मर्केंटाइल एसोसिएशन कार्यालय, नई सड़क व्यापार संघ, साड़ी मर्चेंट एसोसिएशन, स्टेशनरी मर्चेंट एसोसिएशन, कार्ड मर्चेंट एसोसिएशन और हार्डवेयर ट्रेडर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर डॉ. हर्षवर्धन से मुलाकात की।
जिला अध्यक्ष सुमन कुमार गुप्ता के संयोजन में आयोजित जनसंपर्क अभियान में डॉ. हर्षवर्धन के साथ प्रदेश भाजपा महामंत्री रेखा गुप्ता, प्रदेश कोषाध्यक्ष श्याम लाल गर्ग, प्रदेश उपाध्यक्ष तिलकराज कटारिया और केशवपुरम जिला भाजपा अध्यक्ष संजीव शर्मा भी शामिल हुए। डॉ. हर्षवर्धन ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि आज भले ही उन्हें कठिनाई हो रही है, लेकिन आगे चलकर जो परिवर्तित व्यापार व्यवस्था उभरेगी वह सभी व्यापारियों को पहले से अधिक खुशहाली देगी।