पूर्वी दिल्ली में गुरुवार को जिस 16  वर्षीय लड़की का शव मिला था, उसकी हत्या से पहले उसके साथ बलात्कार किया गया था। पुलिस ने रविवार को बताया कि अभियुक्तों ने बलात्कार और हत्या के बाद शव समेत घर को जलाने की भी कोशिश की थी। पुलिस ने मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।  पुलिस ने कहा है कि अभी दोनों अभियुक्तों की उम्र की पुष्टि नहीं हुई है। गुरुवार को जब लड़की का शव मिला तो उसके आत्महत्या की आशंका जताई गई थी लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई है।

ये मामला तब सामने आया जब एक अन्य लड़की ने दोनों अभियुक्तों पर बलात्कार और हत्या की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराया. पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की है।

सूत्रों के अनुसार मृतक पूर्वी दिल्ली के गांधी नगर में अपने माता-पिता और भाई के साथ रहती थी। घटना के वक़्त वो अपने घर पर अकेली थी। सूत्रों के अनुसार जब लड़की का भाई शाम को घर लौटा तो उसे लड़की का आधा जला शव मिला।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की तो एक किशोरी ने बताया कि दो युवक मृतक लड़की का पीछा करते थे। लड़की ने पुलिस से कहा कि उन युवकों ने उसके साथ भी बलात्कार किया था और उसकी हत्या की भी कोशिश की थी। लड़की ने पुलिस को बताया कि वो जान बचाने में सफल रही लेकिन उसने पुलिस में मामले की शिकायत नहीं दर्ज कराई थी क्योंकि युवकों ने उसे धमकी दी थी।

दोनों अभियुक्तों से पुलिस गांधी नगर थाने में पूछताछ कर रही है.