दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले लोगों के लिए खुशखबरी है। जल्द ही यहां आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक नया शहर बसाया जाएगा। न्यू नोएडा (New Noida) के नाम से बसाए जा रहे इस शहर का विकास डेडीकेटेड दादरी-नोएडा-गाजियाबाद इन्वेस्टमेंट रीजन (DNGIR) के तहत किया जाएगा। इसके मास्टर प्लान को पिछले दिनों ही शासन से मंजूरी मिली थी। इसके बाद जमीन अधिग्रहण के लिए सर्वे का काम भी शुरू हो गया है।
यहां बनाया जाएगा अस्थायी कार्यालय
इस शहर को बसाने के लिए जोखाबाद गांव में अस्थायी कार्यालय खोला जाएगा। इसके लिए नोएडा प्राधिकरण के सीईओ लोकेश एम ने हाल ही में बुलंदशहर के सिकंदराबाद का सर्वे किया। इस कार्यालय से भूमि अधिग्रहण के अलावा विकास कार्यों की भी निगरानी की जाएगी। बता दें कि न्यू नोएडा को बसाने के लिए गौमतबुद्धनगर में करीब 20 और बुलंदशहर के 20 गांवों का अधिग्रहण किया जाएगा। पहले चरण में 3,165 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण 2027 तक पूरा किया जाएगा। इसके बाद 2027 से 2032 के बीच 3,798 हेक्टेयर, 2037 तक 5,908 हेक्टेयर, और 2041 तक 8,230 हेक्टेयर भूमि विकसित की जाएगी।
मास्टर प्लान को शासन से मिली मंजूरी
यूपी सरकार ने इस योजना के लिए मास्टर प्लान 2041 को मंजूरी दे दी है। इस शहर का 40 फीसदी हिस्सा औद्योगिक विकास के लिए आरक्षित रखा गया है। वहीं 13 फीसदी हिस्से पर आवासीय परियोजनाएं होंगी। इसके अलावा 18 फीसदी हिस्सा ग्रीन बेल्ट और एंटरटेनमेंट के लिए छोड़ा गया है। इसके अलावा 4 फीसदी हिस्सा कमर्शियल होगा। वहीं 8 फीसदी जमीन सार्वजनिक संस्थाओं और अन्य प्रोटेक्ट्स के लिए आरक्षित होगी।
औद्योगिक विकास को मिलेगी रफ्तार
इस शहर को औद्योगिक विकास को रफ्तार देने के लि बसाया जा रहा है। एक तरफ यह प्रमुख रूप से सड़क मार्ग से जुड़ेगा तो दूसरी तरफ दिल्ली-मुंबई औद्योगिक गलियारे (DMIC) और पश्चिमी डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (WDFC) से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी इसके नजदीक होगा। अगले साल से यहां नियमित फ्लाइट भी शुरू होने जा रही हैं। इससे देश-विदेश में अपने माल को पहुंचाना आसान हो जाएगा।
