Pune Bridge Collapse News: पुणे की मावल तालुका में इंद्रायणी नदी पर बने पुल टूटने की वजह से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, कई लापता भी बताए जा रहे हैं। सभी के मन में सवाल है कि आखिर कोई पुल इस तरीके से कैसे टूट गया? आखिर किस वजह से एक पर्यटन स्थल इतने बड़े हादसे का शिकार हो गया?
हादसे के दो बड़े कारण क्या?
शुरुआती जानकारी के अनुसार इस हादसे के दो प्रमुख कारण माने जा रहे हैं। पहला कारण तो यह है कि इंद्रायणी नदी पर बना यह पल काफी जर्जर हो चुका था, इसी वजह से 2 से 3 महीने पहले ही इसे बंद किया गया। लेकिन बंद होने के बावजूद भी पर्यटक यहां पर आते रहे, उनकी तरफ से पुल पर पहुंच तस्वीरें भी क्लिक की गईं। प्रशासन का कोई अधिकारी मौजूद नहीं था जो लोगों को उस पुल पर जाने से रोके। माना जा रहा है कि इस वजह से रविवार को 100 से ज्यादा लोग उस पुल पर इकट्ठा हो गए थे। अब क्योंकि वो पल इतना भार सहन नहीं कर सका, इस वजह से वो टूट गया।
इस हादसे का दूसरा कारण लोगों की लापरवाही भी बताई जा रही है। सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो वायरल हैं जहां पर दिख सकता है कि लोग अपने दो पहिया वाहन के साथ भी उस पुल के ऊपर गए हैं। ऐसे में पहले से ही जर्जर हो चुके पुल पर और ज्यादा दबाव पड़ा। माना जा रहा है कि अत्याधिक भार की वजह से भी पुल टूट सकता है।
क्या मौसम को भी माना जाए वजह?
वैसे इस हादसे का एक कारण मौसम भी कहा जा सकता है। असल में पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र में भारी बारिश देखने को मिल रही है, पुणे में तो ऑरेंज अलर्ट चल रहा है। इस समय मार्बल तहसील में भुषी डैम और लोनावाला जैसे कई पर्यटन स्थल बंद चल रहे हैं, सरकार ने 31 अगस्त तक यहां पर पर्यटकों के लिए नो एंट्री कर दी है। इस वजह से भी कुछ दूसरे पर्यटन स्थलों पर ज्यादा भीड़ देखने को मिली, इंद्रायणी नदी पर बना ब्रिज भी कुछ उन्हीं स्थलों में शामिल रहा। अभी के लिए सरकार की प्राथमिकता लापता हुए लोगों को खोजना है, इसके बाद मामले की जांच होगी और तब असल कारण भी सामने आएंगे।
यहां पर समझने वाली बात यह भी है कि भारत में इससे पहले भी ऐसे हादसे हो चुके हैं। कुछ साल पहले ही गुजरात के मोरबी में एक ब्रिट टूट गया था, उस वजह से 135 लोगों की जान गई। उस हादसे में भी प्रशासन के स्तर पर लापरवाही सामने आई थी।
ये भी पढ़ें- पुणे की इंद्रायणी नदी पर बना पुल टूटा