भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और लोकसभा सांसद नंदकुमार सिंह चौहान को मंगलवार को लगातार दूसरी बार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सर्वसम्मति से निर्वाचित घोषित किया गया। नवनिर्वाचित प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विश्वास के साथ कहा कि पार्टी 2018 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में और 2019 में आम चुनाव जीतकर केंद्र में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा- सरकार और संगठन एक रथ के दो पहिए हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं की फौज 2018 के विधानसभा चुनाव में मध्य प्रदेश और 2019 में होने वाले आम चुनाव में केंद्र में भाजपा की सरकार बनाएगी। नंदकुमार ने कहा कि देश के सभी राजनीतिक दलों में भाजपा का कार्यकर्ता बेमिसाल है। कार्यकर्ता ही हमारी पूंजी है।

इससे पहले पार्टी के केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक और पूर्व सांसद रामदास अग्रवाल ने नंदकुमार सिंह चौहान के भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन की औपचारिक घोषणा की। अग्रवाल ने भाजपा के राष्ट्रीय परिषद में मध्य प्रदेश के 29 सदस्यों के निर्वाचन की भी घोषणा की।

इस अवसर पर विदेश मंत्री और मध्य प्रदेश के विदिशा लोकसभा क्षेत्र से सांसद सुषमा स्वराज ने कहा कि मध्य प्रदेश भाजपा देश के उत्कृष्ट संगठनों में से एक है। प्रदेश में सत्ता और संगठन में तालमेल की चर्चा पूरे देश में होती है क्योंकि यहां प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री दोनों में ही कार्यकर्ता भाव जिंदा है और इससे ही पार्टी को यहां नई ऊर्जा हासिल होती है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अकेला आदमी सफल नहीं होता है। अगर मैं भी सफल हूं तो पूरी टीम के कारण। हम प्रदेश में 2018 में एक बार फिर चौथी बार सरकार बनाकर दिखाएंगे। चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ कई कुचक्र और अफवाहें चला रखी हैं। इनमें से एक आरक्षण खत्म करने की अफवाह भी है। उन्होंने कहा कि देश में हर हालत में आरक्षण नीति जारी रहेगी क्योंकि हमारी पार्टी सभी वर्गों की पार्टी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बाबा साहेब आंबेडकर की 125वीं जयंती के मौके पर 14 अप्रैल से 23 जून तक गरीब वर्ग के कल्याण के लिए सरकार एक विशेष अभियान चलाएगी। सरकार की इस योजना में भाजपा संगठन के कार्यकर्ता भी सहयोग करें और प्रदेश के हर जिले में कार्यक्रम आयोजित कर गरीब वर्ग के लोगों तक इसका लाभ पहुंचाएं। कार्यक्रम में केंद्रीय इस्पात व खान मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, भाजपा के उपाध्यक्ष और मध्य प्रदेश प्रभारी विनय सहस्रबुद्धे ने भी संबोधित किया।