भारतीय जनता पार्टी के विधायक कपिल देव अग्रवाल पर मुजफ्फरनगर में बदमाशों ने मिर्च पाउडर फेंककर मिला किया। इसके बाद अग्रवाल को अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने अपराधियों को ढूंढ़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। हालांकि, अभी तक उन पर हमला करने की वजह नहीं पता लग पाई हैं। बताया जा रहा है कि विधायक पर हमला उस वक्त हुआ जब वे जनसस्याएं सुन रहे थे। उन पर हमले के बाद वहां मौजूद लोगों ने अपराधियों को पकड़ने की कोशिश की। लेकिन अपराधी भागने में कामयाब रहे। उसके बाद उन्हें नजदीकी प्राइवेट अस्पताल में ले जाया गया। उत्तरप्रदेश का मुजफ्फरनगर सांप्रदायिक तौर पर संवेदनशील इलाका है। 2013 के दंगों में नाम आने के अलावा अग्रवाल कई विवादों में रहे हैं। इन विवादों के बाद भी अग्रवाल फरवरी में उपचुनाव जीतने में कामयाब रहे थे।
बता दें, पिछले महीने गाजियाबाद में भाजपा के वरिष्ठ नेता बृजपाल तेवतिया पर बंदूकधारियों ने मुरादनगर थाना क्षेत्र में रावली मार्ग पर हमला कर दिया था। इस हमले में तेवतिया सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक तेवतिया पर AK-47 से करीब 100 राउंड गोली चलाई गई थी। तेवतिया और उनके गार्ड को फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया था। मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र से साल 2012 का विधानसभा चुनाव लड़ चुके तेवतिया आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर गाजियाबाद आ रहे थे।
