मुंबई के खार इलाके में एक महिला ने 8 लाख रुपये की हीरे की अंगूठिया गुम होने की शिकायत दर्ज कराई है। महिला का कहना है कि उसने उसके घर में पहले काम करने वाली एक महिला को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में चोरी हुई अंगूठियों में से एक अंगूठी के साथ देखा था। मुंबई पुलिस के मुताबिक शिकायत दर्ज कराने वाली महिला एक बिजनेसमैन की पत्नी है। अब पुलिस ने काम करने वाली महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया है और जांच कर रही है।

क्या है पूरी जानकारी?

मुंबई पुलिस ने कहा कि जिस महिला पर आरोप हैं उसे पिछले साल 12 जनवरी से 21 जनवरी के बीच काम पर रखा गया था। जब एक पुरानी काम करने वाली महिला लौटी तो उसे काम से हटा दिया गया था। 

शिकायत के मुताबिक पीड़ित महिला 16 दिसंबर 2022 को एक समारोह में शामिल हुई थी और घर आने के बाद 8 लाख रुपये की हीरे की अंगूठियां और एक झुमका अपने घर की तिजोरी में रख दिया था। 19 फरवरी 2022 को जब उसने   तिजोरी खोली तो गहने उसमें नहीं थे। उस वक़्त तक वह महिला को काम से निकाल चुकी थी।

इंस्टाग्राम पर दिखी अंगूठी 

पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि जब वह 10 सितंबर को घर पर इंस्टाग्राम चला रही  तो उसने उस ही महिला द्वारा पोस्ट की गई तस्वीरें देखीं, जिसमें उसने उसकी चोरी की गई अंगूठी पहनी हुई थी। अधिकारी ने कहा कि पीड़ित महिला को तब संदेह हुआ कि उस ने ही उसकी सभी हीरे की अंगूठियां और एक झुमका चुराया है। पुलिस ने इस मामले पर शिकायत दर्ज कर ली है और आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल आरोप साबित नहीं हुए हैं कि यह अंगूठी वही थी जो गुम हुई है।