MP Municipal Election Phase 1 Result In Hindi– मध्य प्रदेश के नगर निकाय चुनाव में ग्वालियर में जीत दर्ज करने के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस ने एक ट्वीट के जरिए ज्योतिरादित्य सिंधिया पर तंज कसा है। कांग्रेस ने लिखा, “ग्वालियर महाराजा और उन गोदी मीडिया के लिए दो मिनट का मौन, जिन्होंने कहा, ग्वालियर और गुना में कांग्रेस समाप्त हो गई है।” वहीं भाजपा ने एक ट्वीट में कार्टून शेयर करते हुए कांग्रेस पर पलटलवार किया है। भाजपा ने लिखा, जनता को भाजपा भायी, कमलनाथ को धूल चटाई!
बता दें कि मध्य प्रदेश नगर निगम चुनाव के लिए हुए पहले चरण के मतदान के नतीजे आ चुके हैं। मध्य प्रदेश निकाय चुनाव में भाजपा ने सात नगर निगमों पर कब्जा जमाया है। इस जीत पर मध्य प्रदेश भाजपा ने 18 जुलाई को एक ट्वीट में लिखा, “जनता ने दिया आशीर्वाद, जीती भाजपा हारा परिवारवाद!”
गौरतलब है किपहले फेज में 11 नगर निगमों में वोटिंग हुई थी। जिसमें से 7 में भाजपा, 3 पर कांग्रेस और एक नगर निगम पर आम आदमी पार्टी ने कब्जा किया है।
किसके खाते में कौन सा नगर निगम–
भाजपा– भोपाल, उज्जैन, इंदौर, सागर, सतना, खंडवा, बुरहानपुर
कांग्रेस– ग्वालियर, जबलपुर और छिंदवाड़ा
आप– सिंगरौली नगर निगम
कौन कहां से जीता–
भाजपा- भोपाल से मालती राय, इंदौर नगर निगम से पुष्यमित्र भार्गव, खंडवा से अमृता यादव, उज्जैन से मुकेश कटवाल, बुरहानपुर से माधुरी पटेल, सतना से योग्रेश ताम्रकार और सागर नगर निगम से संगीता तिवारी ने जीत हासिल की है।
कांग्रेस- ग्वालियर नगर निगम से शोभा सिकरवार, जबलपुर से जगत बहादुर सिंह और छिंदवाड़ा नगर निगम से विक्रम अहाके ने जीत हासिल की है।
वहीं मध्य प्रदेश की राजनीति में प्रवेश करते हुए आम आदमी पार्टी ने सिंगरौली नगर निगम पर अपना कब्जा जमाया। यहां आप प्रत्याशी रानी अग्रवाल ने जीत दर्ज की है।
इन सबके बीच असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने भी इस चुनाव में अपना खाता खोला है। ओवैसी की पार्टी ने जबलपुर में दो और खंडवा में एक पार्षद सीट पर जीत हासिल की है।
किसको कितने वोट मिले: भोपाल नगर निगम चुनाव में बीजेपी की महापौर प्रत्याशी मालती राय 98 हजार से अधिक वोटों से चुनाव जीती हैं। उन्होंने एक बार महापौर रह चुकी कांग्रेस की विभा पटेल को हराया।
इंदौर में भाजपा कैंडिडेट पुष्यमित्र भार्गव ने कांग्रेस प्रत्याशी सामने 1 लाख 32 हजार से ज्यादा वोट से जीत हासिल की है।
वहीं खंडवा में अमृता अमर यादव ने कांग्रेस की आशा मिश्रा को 19765 वोटों से मात दी। अमृता यादव को 51916 वोट और कांग्रेस प्रत्याशी आशा मिश्रा को 32153 वोट मिले।
सतना से भाजपा महापौर प्रत्याशी योगेश ताम्रकार ने कांग्रेस प्रत्याशी व मौजूदा विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा को 24 हजार 916 वोटों से हराया।
वहीं उज्जैन में बीजेपी प्रत्याशी मुकेश टटवाल कांग्रेस के महेश परमार से 923 वोटों से जीत गए है।
सागर में बॉलीवुड अभिनेता मुकेश तिवारी की भाभी और भाजपा उम्मीदवार संगीता तिवारी महापौर का चुनाव जीत गई हैं। उन्होंने कांग्रेस की निधि जैन को 12, 655 वोटों से हराया।
बुरहानपुर में भाजपा की माधुरी पटेल ने कांग्रेस की शहनाज इस्माइल को 542 वोटों हराया। खास बात यह है कि बीजेपी की जीत में ओवैसी की पार्टी AIMIM की उम्मीदवार को मिले 10274 वोटों का काफी योगदान रहा।
सिंगरौली महापौर चुनाव में आप उम्मीदवार रानी अग्रवाल ने 9159 वोटों से जीत हासिल की। उन्हें कुल 34038 वोट मिले, दूसरे नंबर पर भाजपा के चन्द्र प्रताप विश्वकर्मा रहे जिन्हें 24879 वोट मिले।
जबलपुर नगर निगम में कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी जगत बहादुर सिंह अन्नू ने भाजपा प्रत्याशी डॉ. जितेंद्र जामदार को 44339 वोटों से हराया।
ग्वालियर कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी शोभा सिकरवार भाजपा की सुमन शर्मा से 28805 मतों से जीत गई हैं। इसके अलावा छिंदवाड़ा से पार्टी प्रत्याशी विक्रम अहाके बीजेपी के आनंद धुर्वे से 3547 वोटों से जीत गए।
MP Civic Polls Phase 1 Result 2022: मध्यप्रदेश निकाय चुनाव के पहले फेज के लिए 133 सीटों पर मतदान हुआ था, जिसके नतीजे 17 जुलाई को आए।
नीमच नगर पालिका में बीजेपी ने परचम लहराया। 40 वार्डो में से भाजपा के खाते में आए 23 वार्ड।
ब्यावरा नगर पालिका में 10 सीटों पर बीजेपी ने जीत दर्ज की है जबकि 7 सीटें कांग्रेस को मिलती दिख रही हैं।
जबलपुर और छिंदवाड़ा के मेयर पदों पर कांग्रेस के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है।
असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम का भी मध्यप्रदेश निकाय चुनाव में खाता खुला है। पार्टी की उम्मीदवार शाकीरा बिलाल ने खंडवा में वार्ड नंबर 14 से जीत दर्ज की है।
मध्यप्रदेश निकाय चुनाव में पहली बार उतरी AAP का खाता सिंगरौली से खुला। आप उम्मीदवार रानी अग्रवाल ने यहां से जीत दर्ज की।
रीवा से कांग्रेस के एक पार्षद उम्मीदवार हरि नारायण गुप्ता की 14 वोटों से चुनाव हारने के बाद हार्ट अटैक से मौत हो गई।
सीहोर नगर पालिका में 35 वार्ड हैं। इनमें से बीजेपी ने 20 पर जीत हासिल की है और चार वार्डों में आगे चल रही है।
ग्वालियर महापौर की रेस में कांग्रेस उम्मीदवार शोभा सिकरवार 16,000 मतों से आगे चल रही है।
इंदौर नगर निगम में भाजपा को बढ़त मिली हुई है। यहां भाजपा की मेयर प्रत्याशी आगे चल रही हैं।
ग्वालियर नगर निगम में बीजेपी से कांग्रेस आगे निकल गई है। वहीं सागर नगर निगम में भाजपा आगे चल रही है।
उज्जैन नगर निगम में भाजपा निकली आगे।
मध्य प्रदेश के 11 नगर निगमों में से सभी के रूझान सामने आ रहे हैं। इसमें भाजपा 7 निगमों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं कांग्रेस 3 और आम आदमी पार्टी को एक सीट पर बढ़त मिली है।
मध्य प्रदेश के बुरहानपुर नगर निगम में भाजपाव की जीत हुई है। यहां भाजपा की मेयर प्रत्याशी की जीत हुई है।
अनिल यादव ने कहा, “मैंने भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा के भतीजे को 12 मतों से हराया। मैं राजनीति विज्ञान का छात्र हूं, कोविड के बाद घर आया था। मेरी मां सरपंच थीं।”
मध्य प्रदेश निकाय चुनाव में पहले चरण के सभी 11 नगर निगमों के रूझान सामने आ गये हैं। इसमें 6 पर भाजपा, 4 पर कांग्रेस और एक नगर निगम पर आम आदमी पार्टी को बढ़त मिली हुई है।
सिंगरौली नगर निगम के चुनाव में आम आदमी पार्टी को बढ़त मिली है। आप की मेयर प्रत्याशी रानी अग्रवाल पहले नंबर पर हैं, तो वहीं कांग्रेस दूसरे और भाजपा तीसरे पायदन पर चल रही है।
नगर निकाय चुनाव के नतीजों में भोपाल, इंदौर, खंडवा और सतना में भाजपा आगे चल रही है। तो वहीं जबलपुर, उज्जैन , ग्वालियर और बुरहानपुर में कांग्रेस आगे चल रही है। ऐसे में दोनों दलों के बीच सीधे तौर पर कांटे की टक्कर देखी जा रही है।
मध्य प्रदेश निकाय चुनाव में भाजपा ने राजगढ़ नगर पालिका में अच्छा प्रदर्शन किया है। बता दें कि इस नगर पालिका में 15 में से 12 वार्डों में भाजपा ने जीत दर्ज कर ली है।
मध्य प्रदेश नगर निगम के चुनाव नतीजों में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। 8 नगर निगमों के शुरुआती रूझान सामने आए हैं। जिसमें भाजपा और कांग्रेस 4-4 पर बढ़त बनाए हुए हैं।
मध्य प्रदेश निकाय चुनाव में नतीजे आज आ रहे हैं। इसके शुरूआती रूझानों में भाजपा को बढ़त मिलती दिख रही है। 11 नगर निगम में से 5 के रूझान सामने आए हैं। जिसमें भाजपा ने 3 और कांग्रेस ने 2 नगर निगम पर बढ़त बना ली है। फिलहाल अभी ये शुरूआती रूझान, आने वाले समय में तस्वीरें और साफ होंगी।
भाजपा और कांग्रेस ने चुनाव नतीजों के लिए अपनी तरफ से सतर्क हैं। खासकर कांग्रेस ने गड़बड़ी होने की आशंका के चलते वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया है। उनके साथ वकील भी है।
रविवार को आ रहे मध्य प्रदेश निकाय चुनाव के नतीजों में सबसे पहले डाकमत पत्रों की गिनती की गई। इसके बाद इवीएम के जरिए गिनती हो रही है।
मध्य प्रदेश निकाय चुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है। थोड़ी देर में रूझान आने शुरू हो जाएंगे। हालांकि कुछ बूथों पर तय समय पर मतगणना शुरू नहीं हो पाई। मतगणना पर नजर रखने के लिए जहां राज्य निर्वाचन आयोग ने मतगणना केंद्रों पर भारी पुलिस बल तैनात किया है।
कांग्रेस ने कहा कि कमलनाथ का हेलीकॉप्टर तैयार खड़ा रहेगा, गड़बड़ी करने की भाजपा की हर कोशिश को नाकाम कर दिया जाएगा।
मतगणना परिसर में बनाये गये मीडिया सेंटर तक मीडियाकर्मी अपने मोबाइल, कैमरा तथा वीडियो कैमरा ले जा सकेंगे। वहीं मीडियाकर्मियों को मतगणना हॉल में मोबाइल, कैमरे तथा वीडियो कैमरा ले जाने की अनुमति नहीं रहेगी।
मतगणना की प्रक्रिया सुबह 9 बजे से शुरू होगी और इसके लिए 34 टेबल लगाई गई है। काउंटिंग 2 से 5 राउण्ड में की जाएगी। मतगणना के लिए कुल 250 अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
मध्य प्रदेश निकाय चुनाव के लिए दो चरणों में नतीजे आने हैं। जिसमें पहले चरण के लिए 17 जुलाई और दूसरे चरण के लिए 20 जुलाई को नतीजे आएंगे।
मध्यप्रदेश में इस बार निकाय चुनाव दो चरणों में हुआ है। पहला चरण के लिए वोटिंग 6 जुलाई को हुई थी। जबकि दूसरे चरण का मतदान 13 जुलाई को हुआ था। पहले चरण के नतीजे 17 जुलाई यानि को सामने आए। वहीं अब दूसरे चरण की मतगणना 20 जुलाई को होगी। पहले चरण में कुल 133 नगर निकायों के लिए वोट डाले गए थे जिसमें 11 नगर निगम, 36 नगर पालिका और 86 नगर परिषद् शामिल हैं। वहीं दूसरे चरण में 247 निकायों के लिए लोगों ने मतदान किया है।