तमिलनाडु चुनाव में करारी हार का सामना करने वाली अभिनेता कमल हासन की पार्टी मक्कल निधी मैयम (MNM) में टूट का सिलसिला शुरू हो गया है। पार्टी में हासन के बाद नंबर-दो का ओहदा संभाल रहे नेता महेंद्रन ने गुरुवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद कमल हासन महेंद्रन पर भड़क गए। उन्होंने अपने पूर्व साथी को गद्दार तक करार दे दिया। साथ ही कहा कि वे उन्हें हटाने ही वाले थे, लेकिन इससे पहले ही महेंद्रन ने इस्तीफा दे दिया।

बता दें कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में बड़ी उम्मीदों के साथ उतरी कमल हासन की पार्टी को एक भी सीट पर जीत नहीं मिली। इसके चार दिन बाद ही पार्टी के 6 शीर्ष कार्यकर्ताओं ने इस्तीफा दे दिया। इसके बाद महेंद्रन ने भी पार्टी छोड़ने का फैसला किया। गौरतलब है कि महेंद्रन ने यह चुनाव कोयंबटूर की सिंगनालुर विधानसभा से लड़ा था। हालांकि, उन्हें खुद जबरदस्त हार झेलनी पड़ी थी।

महेंद्रन ने गुरुवार को रिपोर्टरों से बातचीत में कहा कि उन्होंने कमल हासन को भेजी गई चिट्ठी में खुद के पार्टी में सभी पद और सदस्यता छोड़ने की जानकारी दी है। उन्होंने चिट्ठी में आरोप लगाया कि कुछ शीर्ष सलाहकार ही पार्टी चला रहे हैं और वे खुद हासन के पार्टी चलाने के तरीके से संतुष्ट नहीं हैं। महेंद्रन ने आरोप लगाया है कि जिस तरह पार्टी ने बांटो और राज करो की नीति से जुड़ने का फैसला किया, उससे महसूस हुआ कि पार्टी में कोई लोकतंत्र ही नहीं है।

महेंद्रन ने कहा, “कई लोगों ने उम्मीद जताई थी कि यह सब चुनाव के बाद खत्म हो जाएगा। मैं हमेशा कमल हासन के साथ रहा, पर महसूस किया कि पिछले एक महीने में भी उनके नजरिए में कोई बदलाव नहीं आया है। महेंद्रन के इस्तीफे के बाद पार्टी ने बयान जारी कर कहा कि कमल हासन जल्द ही इस्तीफों पर विचार करेंगे।

हालांकि, कमल हासन ने गुरुवार को ही पार्टी के नंबर-2 नेता के इस्तीफे पर बयान दिया। उन्होंने तमिलनाडु चुनाव का जिक्र करते हुए कहा, “हमने देखा कि युद्ध के मैदान कुछ गद्दार दुश्मनों के साथ खड़े थे। इसके बाद पार्टी में एक सुर में गद्दारों को निकालने की आवाज उठी। इस लिस्ट में सबसे ऊपर आर महेंद्रन का ही नाम था।”

हासन ने कहा कि महेंद्रन ने अपनी बेइमानी और अक्षमता के लिए दूसरों पर दोष मढ़ दिया, ताकि अपने लिए संवेदना हासिल कर सकें। उन्होंने चालाकी से खुद ही पार्टी छोड़ दी, क्योंकि उन्हें पता था कि उन्हें निकाल दिया जाएगा। अच्छा हुआ कि उन्होंने खुद ही अपने आप को निकाल लिया। हासन ने दावा किया कि पार्टी जल्द ही अच्छे दिन देखेगी।