गुजरात में राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के 43 विधायकों को कर्नाटक में आश्रय देने वाले ऊर्जा मंत्री डीके शिवकुमार की संपत्ति पिछले पांच साल में 589 करोड़ बढ़ गई। उनकी यह संपत्ति 2013 से बढ़ी। कनकपुरा सीट से विधानसभा चुनाव के नामांकन के दौरान दिए हलफमाने से संपत्ति में इस उछाल का खुलासा हुआ। अप्रैल 2017 से अब तक हुए चुनाव में किसी प्रत्याशी की ओर से सर्वाधिक संपत्ति होने का यह हलफनामा है। 55 वर्षीय शिवकुमार मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं। उन्होंने कुल 94 पेज में अपनी कुल संपत्ति 840 करोड़ रुपये घोषित की है। जबकि इससे पहले 2013 में उनकी संपत्ति सिर्फ 251 करोड़ और 2008 में महज 75 करोड़ थी।
इस बार शिव कुमार ने अपनी चल संपत्ति 70 करोड़ 94 लाख 84974 और अचल संपत्ति की कीमत 548,85,20, 592 दर्शायी है। उनकी संपत्ति पत्नी और तीन अन्य आश्रितों के नाम दिखाई गई है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री एसएम कृष्णा के वारिस के रूप में देखे जाने वाले शिवकुमार की पार्टी में अपनी अलग हैसियत है। वे इस बार विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की अभियान समिति का नेतृत्व कर रहे हैं।

पिछले साल गुजरात में राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेसी विधायकों को भाजपा की पहुंच से बचाने के लिए पार्टी ने कर्नाटक के जिस ईगल्टन गोल्फ रिसोर्ट में ठहराया था, उसके मालिक शिवकुमार ही हैं। जिसके बाद आयकर विभाग ने उनके और सहयोगियों के ठिकानों पर छापेमारी की थी। आयकर विभाग के अफसरों ने जांच के बाद तीन सौ करोड़ रुपये की बेनामी कमाई का पता चलने की बात कही थी।