Delhi Mayor Election: दिल्ली के नए मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। 26 अप्रैल को मेयर का चुनाव होगा। इससे पहले 18 अप्रैल तक नामांकन किए जा सकेंगे। निगम के सचिव ने बताया कि दिल्ली नगर निगम की बैठक 26 अप्रैल को सुबह 11 बजे होगी। निगम की इसी मीटिंग में मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव होगा।

दिल्ली नगर निगम के सचिव शिव प्रसाद ने प्रेस रिलीज जारी कर जानकारी दी है। इसमें कहा गया है कि दिल्ली नगर निगम की साधारण सभा का आयोजन 26 अप्रैल 2024 को श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में किया जाएगा। इसी दौरान मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव होगा। बता दें कि नियम के तहत पहले साल मेयर महिला, दूसरे साल सामान्य और तीसरे साल में एक अनुसूचित जाति के सदस्य को निर्वाचित किया जाता है।

राजनीतिक स्थितियां बदली

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की न्यायिक हिरासत में आम आदमी पार्टी के लिए यह राजनीतिक परीक्षा होने वाली है। लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन में हैं। सीएम की गिरफ्तारी के बाद दोनों ही पार्टियों के नेताओं ने कहा है कि अब राजनीतिक स्थितियां बदल गई हैं। एमसीडी चुनाव को लेकर दोनों पार्टियों के बीच आम राय बन चुकी है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली मेयर के चुनाव को लेकर आने वाले समय में आधिकारिक तौर पर गठबंधन की घोषणा भी हो जाएगी।

दिल्ली नगर निगम में आम आदमी पार्टी के पास ही बहुमत है। मेयर, डिप्टी मेयर के चुनाव में 250 चुने हुए पार्षद, 7 लोकसभा सांसद 3 राज्यसभा सदस्य और 14 विधायक वोट देते हैं। अलग से कांग्रेस पार्टी का साथ मिलने के बाद आप के पास अच्छा संख्या बल हो जाएगा। हालांकि, आम आदमी पार्टी की निगाहें स्टैंडिग कमेटी के चुनाव पर हैं। इसमें कांग्रेस पार्टी के पार्षदों का वोट करना ही तय करेगा कि कमेटी का चेयरमैन आप का होगा या बीजेपी का।

आप के पास संख्याबल ज्यादा

अगर आंकड़ों पर नजर डाले तो आम आदमी पार्टी के पार्षदों की संख्या 134, तीन सांसद और 13 विधायक हैं। एक निर्दलीय भी समर्थन में है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी के पास 104 सदस्य हैं। एक निर्दलीय का भी समर्थन है। दिल्ली के सभी सातों लोकसभा सांसद उसके हैं। एक विधायक और 10 मनोनीत सदस्य का समर्थन है। अगर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का अलायंस होता है तो संख्या बल और अधिक होगा।