यूपी में मथुरा के वृंदावन में धर्म संसद का आयोजन किया गया। इसमें 6 प्रस्ताव पारित किए गए हैं। धर्म संसद में संतों ने सरकार से कई मांगों पर अमल लाने की मांग की है। धर्म संसद में कृष्ण जन्मभूमि परिसर से शाही ईदगाह एवं मीना मस्जिद को हटाने के मांग की गई। इसके अलावा लव-जिहाद के खिलाफ भी प्रस्ताव पास किया गया है।

धर्म संसद में श्रीकृष्ण साधक ट्रस्ट के सभागार में आयोजित आयोजित सभा में अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के उपाध्यक्ष बिहारी लाल वशिष्ठ ने उत्तर प्रदेश सरकार से संपूर्ण ब्रज मण्डल को तीर्थस्थल घोषित करने की मांग रखी। इसके साथ ही पूरे ब्रज में अण्डा-मांस-मदिरा आदि की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव रखा। धर्म संसद की अध्यक्षता कर रहे पीपा द्वाराचार्य बलराम दास ने देशी गाय को राष्ट्र माता घोषित किए जाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि जैसे महाराष्ट्र ने गाय को राज्य माता घोषित किया है ठीक उसी तरह उत्तर प्रदेश की सरकार को भी देशी गाय को समान दर्जा देना चाहिए।

धर्म संसद में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने कहा कि धर्म संसद में जो प्रस्ताव पास हुए हैं उन्हें राज्य एवं केंद्र सरकारों को भेजा जाएगा। सरकारों से इन प्रस्तावों को जल्द पूरा करने की मांग की जाएगी। धर्म संसद में संत स्वामी रमेशानन्द गिरि ने केंद्र सरकार से राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर, समान शिक्षा, जनसंख्या नियंत्रण, लव-जिहाद नियंत्रण आदि कानून तत्काल प्रभाव से लागू करने का प्रस्ताव पेश किया। इसके साथ ही जगन दास राठौर ने नमाज़ को तुरंत बंद कराने और शाही ईदगाह का जल्द से जल्द सर्वे कराए जाने की मांग की।

बता दें कि मथुरा श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह विवाद से जुड़ा मामला हाईकोर्ट में जारी है। हाईकोर्ट कई मामलों की एकसाथ सुनवाई कर रहा है। इसमें शाही ईदगाह मस्जिद का सर्वे कराने से जुड़ी याचिका भी शामिल है। हिंदू पक्ष ने मस्जिद पर अपने मालिकाना हक को लेकर याचिका दाखिल की है। वहीं एक याचिका प्लेसेज ऑफ वर्शिप एक्ट से भी जुड़ी है।