लखनऊ के गोमती नगर इलाके में स्थित पर्यटन भवन की सुरक्षा व्यवस्था को ताक पर रखते हुए ट्रॉमा सेंटर के वॉर्ड ब्वॉय ने खुद के साथ-साथ एक महिला कर्मचारी पर भी पेट्रोल डालकर आग लगा ली। घटनास्थल पर मौजूद कर्मचारियों ने आग को बुझाया और पुलिस को घटना सूचना दी। यह घटना शाम 5 बजे पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक के दफ्तर के पास हुई। महिला को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया वहीं आरोपी वार्ड ब्वॉय को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक महिला 70 प्रतिशत झुलस चुकी है, जबकि आरोपी 45 प्रतिशत जल चुका है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर दिया गया है।
क्या था मामलाः पूरा मामला एकतरफा प्यार का बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि पीड़िता गोमतीनगर स्थित पर्यटन भवन में चपरासी पद पर तैनात थी। पति के निधन के बाद उन्हें मृतक आश्रित कोटे से पर्यटन निगम में नौकरी मिली थी। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के मुताबिक दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। उसके बाद एकाएक समीर ने पीड़िता के ऊपर पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा दी। वारदात से पुलिस ने पेट्रोल और केरोसीन की बोतलें बरामद की।
पहले भी की थी हमले की कोशिशः पर्यटन विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि बुधवार को भी आरोपी समीर पीड़िता से मिलने पहुंचा था। दोनों के बीच उस दिन भी किसी मुद्दे पर बहस हुई थी। लोगों के विरोध करने पर समीर वहां से चला गया। पीड़िता के परिजनों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज करवाई थी। पीड़िता के चार बच्चे हैं और अगले महीने उनकी सबसे बड़ी बेटी की शादी होनी है। उधर पीड़िता से मिलने पर्यटन विकास निगम के एमडी शिवपाल सिंह सिविल अस्पताल पहुंचे और पीड़िता के परिजनों को इलाज में पूरी मदद का आश्वासन दिया।