मध्य प्रदेश के शिवपुरी में एक 19 साल के लड़के ने दलित समुदाय के तीन लोगों से मार खाने के कुछ ही घंटों बाद आत्महत्या कर ली। बताया गया है कि उसे पीटने वालों में दो महिलाएं भी शामिल थीं। लड़के को पीटने के बाद उसे जबरदस्ती मूत्र भी पिलाया गया। पुलिस के मुताबिक, मामला शिवपुरी के सजोर गांव का है। इस घटना के बाद युवक ने घर के अंदर ही खुद को फांसी लगा ली। पुलिस को मौके से ही एक सुसाइड नोट और वीडियो क्लिप मिली है। इसमें लड़के ने घटना में शामिल लोगों के नाम बताए हैं। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार भी कर लिया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, लड़का ब्राह्मण समुदाय का था और आत्महत्या से पहले उसने सुसाइड नोट और वीडियो क्लिप में अपने साथ हुई घटना का पूरा विवरण दिया। उसने बताया कि बुधवार को वह मंदिर में जल चढ़ाने के लिए लोटा लेकर पानी भरने एक हैंडपंप पर पहुंचा था। जब वह पानी भर रहा था, तब उसकी कुछ छीटें पास ही खड़े तीन दलितों के बर्तन पर गिर गईं। इस मुद्दे पर ही तीनों ने युवक को बालों से पकड़कर खींचा और उसके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं तीनों ने कथित तौर पर उसके लोटे में ही पेशाब कर दी और उसे जबरदस्ती इसे पीने के लिए मजबूर किया।

इस घटना के बाद से ही विकास अवसाद ग्रसित हो गया। उसने घर पहुंचने के बाद अपना सुसाइड नोट लिखा और वीडियो बनाया और फिर कमरे में ही फांसी लगा ली। शिवपुरी के सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस राजेश सिंह चंदेल के मुताबिक, सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन पर आत्महत्या के लिए भड़काने और जानबूझकर चोट पहुंचाने के लिए धारा 306 और 323 के तहत केस दर्ज कर लिया।

इसी बीच इस घटना से गुस्से में आए ब्राह्मण समाज के लोगों ने शिवपुरी जिला प्रशासन के जरिए मुख्यमंत्री के नाम पर ज्ञापन सौंपा। इसमें मृतक के परिवार के लिए 1 करोड़ रुपए के मुआवजे की मांग की गई है।