पुणे में 35 साल के एक शख्स ने कथित रुप से अपने दो बच्चों को मार दिया। इसके बाद इस शख्स ने खुद को फांसी के फंदे पर लटका दिया। घटना 18 अगस्त की है। पुलिस के मुताबिक तथावाड़े के नृसिंह कॉलोनी में दीपक वर्मन नाम का शख्स अपने परिवार के साथ रहता था। मूलरुप से कोलकाता के रहने वाले दीपक वर्मन के दो बेटे शुभम (10) और रुपम (8) थे। दीपक बर्मन की पत्नी भी एक फर्म में काम करती थी। दोनों कई सालों से पुणे में रह रहे थे। शनिवार को पति-पत्नी ड्यूटी पर चले गये, बच्चे घर पर ही थे क्योंकि उनका स्कूल बंद था। दीपक बर्मन दोपहर में घर लौटा। पुलिस का कहना है कि उसने कथित रुप से बच्चों का गला घोंट दिया। पुलिस घटना की वजह पता लगाने की कोशिश कर रही है। लेकिन प्राथमिक जांच में पता चला है कि दीपक बर्मन बच्चों की कुछ शरारत से इतना नाराज हो गया था कि उसने बच्चों को ‘सबक’ सिखाने के लिए उनका गला दबा दिया। पुलिस के मुताबिक जब दोनों बच्चे बेहोश हो गये, तो बर्मन को इतनी ग्लानि हुई कि वह खुद फंदे पर झूल गया।
बाद में जब दीपक की पत्नी ड्यूटी खत्मकर घर लौटी तो उसने दरवाजा खटखटाया। कई बार आवाज देने के बाद जब कोई बाहर नहीं आया तो दीपक की पत्नी को शक हुआ। इसके बाद पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खोला गया तो अंदर का दृश्य देखकर लोगों के मुंह में कलेजा आ गया। दीपक की पत्नी ने देखा कि उसका पति छत से लटका हुआ था, जबकि दोनों बच्चे बिस्तर पर बेसुध पड़े हुए थे। पड़ोंसियों ने तुरंत एक डॉक्टर को बुलाया और पुलिस को भी सूचना दी गई। बच्चों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
इस घटना के बाद दीपक बर्मन की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह कुछ कहने की हालत में नहीं है। वहीं पड़ोसियों को समझ में नहीं आ रहा है कि ये घटना कैसे हुई? फिलहाल पुलिस घटनास्थल से सुराग इक्ट्ठा कर रही है। पुलिस दीपक बर्मन के ऑफिस में भी पूछताछ कर रही है।