मुंबई में अगले महीने यानी फरवरी में स्थानीय निकाय चुनाव होने हैं। ऐसे में शिवसेना इस बार गैर-मराठा वोटरों को अपनी और आकर्षित करने की कोशिश करती दिख रही है। शिवसेना द्वारा मुंबई में #Didyouknow कैंपेन शुरू किया गया है। इसके लिए बड़े-बड़े बैनर भी बनाए गए हैं। उनपर लिखकर बताया जा रहा है कि शिवसेना की सरकार के अंडर बीएमसी ने क्या-क्या काम किए। 2012 के स्थानीय निकाय चुनावों में शिवसेना ने ‘कारुन दाखवाला’ (हमने किया है) नाम का कैंपेन शुरू किया था। पार्टी मिडिल क्लास के युवा लोगों को अपनी तरफ आकर्षित करना चाहती है। #Didyouknow के पोस्टर्स मुंबई में कई जगह पर लगाए गए हैं।
यह हो सकती है बड़ी वजह: माना जा रहा है कि ऐसा मुंबई की मतदाता जनसांख्यिकीय में परिवर्तन होने की वजह से किया जा रहा है। शिवसेना को भी लगने लगा है कि अब मुंबई में वह सिर्फ मराठा वोटरों के दम पर जीत दर्ज करना उसके लिए आसान नहीं होगा। मुंबई में 21 फरवरी को होने वाले बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) चुनाव होने हैं।
इस बारे में इंडियन एक्सप्रेस ने शिवसेना के युवा नेता आदित्य ठाकरे से भी बात की। उन्होंने कहा, ‘हम लोगों ने सोसाइटी के हर वर्ग के लिए काम किया है। #Didyouknow के जरिए हम लोग BMC द्वारा किए गए कामों को लोगों को बताना चाहते हैं। हमें लगाता है कि इसमें से ज्यादातर बातों को लोग नहीं जानते होंगे। जैसे कि क्या आप जानते हैं कि BMC ने 480 स्कूलों को डिजिटल कैंपस में बदल दिया है। ऐसे ही शायद आप नहीं जानते होंगे कि BMC ने 725 नए पार्क बनाए हैं।’
पोस्टर्स पर शिवसेना की नींव रखने वाले दिवंगत नेता बाल ठाकरे की तस्वीर नहीं है। लेकिन उसपर शिवसेना पार्टी का निशान तीर-कमान मौजूद है। इसके अलावा बैनरों का रंग भी भगवा है।