महाराष्ट्र में एक विधायक की सरपरस्ती में एक लड़की के लड़के को बार-बार पीटने का वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि जिस लड़के की पिटाई की गई, वह कथित तौर पर उस लड़की को छेड़ रहा था। शरद पवार की नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) के जितेंद्र अवहाद वीडियो में लड़की को लड़के की पिटाई के लिए भड़काते नजर आ रहे हैं। वीडियो मुंबई के बाहरी इलाके, ठाणे स्थित उनके ऑफिस का है। एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार वाकया सोमवार शाम को रिकॉर्ड किया गया है। लड़की ने कथित तौर पर अवहाद से संपर्क किया था। उसका दावा था कि वह लड़का उससे रिश्ता बनाने के लिए जबरदस्ती कर रहा था। यह वीडियो कई व्हाट्सएप ग्रुप पर शेयर किया गया है। इस बारे में पूछे जाने पर अवहाद ने कहा, ”अगर मीडिया सोचता है कि मैंने कोई अपराध किया है, तो मुझे फांसी पर चढ़ा दे।” अवहाद के मुताबिक, लड़की उनके घर के नजदीक एक स्लम में रहती है, वो इस लड़के के व्यवहार से इतनी परेशान थी कि उसने आत्महत्या करने की कोशिश भी की थी।
लड़की की बात सुनने के बाद जितेंद्र अवहाद ने उसे और आरोपी लड़के को अपने ऑफिस बुलाया। जहां अवहाद ने कथित तौर पर कहा कि लड़के को ‘सबक सिखाया जाना चाहिए।’ इसके बाद अवहाद ने लड़की को लड़के की पिटाई करने के लिए भड़काया। वहां मौजूद किसी शख्स ने वीडियो रिकॉर्ड किया, जो बाद में सोशल मेसेजिंग एप्स पर वायरल हो गया। आरोपी लड़के पर शोषण का मामला दर्ज कर लिया गया है। अभी तक विधायक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
