सोमवार सुबह मुंबई में चलने वाली देश की पहली मोनो रेल अचानक खराब हो गई। तकनीकी खराबी के कारण सुबह 6.30 पर रुकी इस मोनो रेल में करीब डेढ़ घंटे तक यात्री फंसे रहे। इन यात्रियों को बाद में क्रेन की सहायता से निकाला गया।
दरअसल वडाला से चली मोनो रेल सुबह 6.30 पर भक्ति पार्क स्टेशन के पास पहुंचकर खराब हो गई। अधिकारियों ने बताया कि ऐसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ है। मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डिवेलपमेंट अथॉरिटी (MMRDA) के अधिकारियों ने बताया कि इंजन का पावर फेल हो जाने के कारण कारण ट्रेन रुकी है। तकरीबन डेढ़ घंटे तक इसमें सवार यात्री फंसे रहे।
ट्रैक पर फंसी हुई ट्रेन को हटाने के लिए एक और मोनो रेल बुलाई गई और यात्रियों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया। देश की पहली मोनो रेल के रूप में प्रसिद्ध यह ट्रेन वडाला और चेंबूर के बीच चलती है। इसके निर्माण में 2800 करोड़ रुपए की लागत आई है। लगभग 16 हजार मुसाफिर मोनो रेल का इस्तेमाल करते हैं।
आपको बता दें मार्च 2015 में भी बिजली आपूर्ति रुक जाने की वजह से मुंबई की मोनोरेल सेवा करीब तीन घंटे तक बाधित रही थी। फायर ब्रिगेड को बुलाने के बाद यात्रियों को ट्रेन से निकाला गया था। मुंबई मोनोरेल में बहुत सी तकनीकी खामियां हैं। जून में मोनोरेल का एक टायर नीचे सड़क पर गिर गया था। एक अन्य घटना में मोनोरेल का टायर फटने के बाद टायर के कुछ हिस्से सड़क पर गिर पड़े थे।
Mumbai: Monorail stuck near Bhakti Park station since 6.30 am due to a technical glitch. It has been evacuated. pic.twitter.com/OQIU1DFG2m
— ANI (@ANI) August 1, 2016