मुंबई-गोवा हाईवे पर बुधवार (3 अगस्त) को एक पुल टूटकर गिर गया। यह हादसा भारी बारिश की वजह से हुआ। पुल गिरने से उसपर चल रही दो बसें नीचे बहती सावित्री नदी में गिर गईं। ऐसी खबर है कि बसों के साथ लगभग 22 लोग लापता थे। इसमें बसों में बैठे 18 लोग और दोनों बसों के ड्राइवर और कंडक्टर शामिल थे। फिलहाल दो शव बरामद कर लिए गए हैं। पुल के गिरने से वहां ट्रेफिक की स्थिति बेहाल हो गई थी। मिली जानकारी के मुताबिक, पुल का 80 प्रतिशत हिस्सा ढह गया है। जानकारों के मुताबिक, यह पुल बाढ़ की वजह से ढहा है। सावित्री नदी में बाढ़ का पानी आने से पुल को नुकसान पहुंचा। सावित्री नदी में ज्यादा पानी लगातार हो रही बरसात की वजह से आया था।

पुराना वाला गिरा: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फणनवीस ने सुबह तकरीबन 3 बजे ट्वीट करके मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वहां दो पुल थे। उनमें से एक को हाल ही में बनाया गया था और दूसरा अंग्रेजों के जमाने का था। अंग्रेजों के वक्त में बना पुल ही टूटा है।

बचाव कार्य में लगे लोग: लोगों को बचाने के लिए नेशनल डिजास्टर रेस्पांस फोर्स (NDRF) मौके पर पहुंच चुकी है। इसके अलावा कोस्ट गॉर्ड का एक हेलिकॉप्टर सुबह 8 बजे से वहां बहे लोगों को ढूंढने में लगा हुआ है। पुराने पुल के गिरने के बाद नए पुल को कुछ देर के लिए बंद कर दिया गया था। लेकिन ट्रेफिक की आवाजाही को फिर से शुरू करने के लिए 9 बजे उसे खोल दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी मामले की जानकारी मिल गई है। उन्होंने हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।