विवादित बयानों के चलते सुर्खियों में रहने वाले एक्टर कमाल राशिद खान एलजीबीटीक्यू क्मुनिटी पर टिप्पणी कर फंस गए हैं। केआरके ने यह टिप्पणी एक वीडियो के जरिए की है। पुलिस ने मामले में शिकायत मिलने के बाद शुक्रवार को केस दर्ज कर लिया है। कमाल की ने यह बयान समलैंगिता पर आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद दिया था। उच्चतम न्यायालय ने धारा 377 खत्म कर समलैंगिकों को बड़ी राहत दी थी।
समलैंगिकों पर टिप्पणी करते हुए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। यह वीडियो 7 सितंबर को पोस्ट किया था। जिसे करीब 3 लाख बार देखा जा चुका है। इसी वीडियो पर गुजरात में वडोदरा के एक छात्र ने शिकायत दर्ज कराई थी। छात्र उज्जवल कृष्णम ने 2 अक्टूबर को पुलिस में लिखित शिकायत दी थी। वीडियो में उन्होंने ट्रांसजेंडर और पुरुषों और महिलाओं को समलैंगिकों के रूप में पहचानने के लिए अभद्र भाषा का उपयोग किया है।
उज्जवल कृष्णम ने अपनी शिकायत में कहा है कि, कमाल राशिद खान ने अपने यू-ट्यूब चैनल पर समलैंगिकों को लेकर एक वीडियो डाला है। जिसमें देखा जा सकता है कि वह समुदाय के लोगों के लिए खराब भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। समलैंगिकों पर आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भी कमाल राशिद खान ने ऐसा किया। कमाल खान द्वारा इस्तेमाल की भाषा को अश्लील, अपमानजनक और आक्रामक से कम नहीं कहा जा सकता।
कृष्णम ने आश्चर्य जताया कि केआरके द्वारा शेयर किए वीडियो को करीब 9, 000 लोगों ने नापसंद किया। इसके बावजूद किसी एक ने भी आगे आकर इन टिप्पणियों के खिलाफ शिकायत नहीं दर्ज कराई। गुजरात पुलिस ने उज्जवल कृष्णम इस मामले में मुम्बई पुलिस से सम्पर्क करने को कहा था। इसके बाद छात्र के ईमेल के आधार पर शुक्रवार को मुम्बई के बांद्रा पुलिस स्टेशन में कमाल राशिद खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई।