महाराष्ट्र के मुंबई में लड़की का पीछा करने का आरोप लगने पर पिता ने अपने बेटे को खुद हवालात पहुंचा दिया। दरअसल एक महिला ने दूसरी बार अपने पड़ोस में रहने वाले एक लड़के के खिलाफ पीछा करने और छेड़खानी करने की शिकायत पुलिस से की। इसके बाद बेटे की आदत से परेशान पिता ने यह कदम उठाया। इससे पहले सितंबर महीने में महिला की शिकायत के आधार पर बोरीवली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। अाराेपी एक व्यवसायी है और गिरफ्तारी के बाद उसने जमानत ले ली थी। जमानत मिलने के बाद भी आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। वह लगातार फोन कॉल और मैसेज करता रहा। जब महिला ने उसके नंबर को ब्लॉक कर दिया तो वह दूसरे-दूसरे नंबर से फोन करने लगा।  महिला ने इस बात की जानकारी अपने परिजनों को दी, जिन्होंने एक बार फिर पुलिस से संपर्क किया और एक लिखित शिकयत की।

पुलिस के अनुसार, आरोपी और पीडि़ता एक दूसरे को 12 साल से जानते हैं। एक ही कॉलोनी में रहते हैं। बोरीवली पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया, “कॉलोनी के लोगों के बीच बनाए गए एक वाट्सएप ग्रुप के माध्यम से आरोपी ने पहले महिला का मोबाइल नंबर हासिल किया और फिर मैसेज करने लगा। शुरूआत में महिला ने मैसेज का जबाव दिया। इसके बाद आरोपी ने फोन करना शुरू कर दिया, जो उसे नागवार गुजरा। महिला ने आरोपी को फोन करने से मना किया और उसे अनदेखा करने लगी। इसके बाद आरोपी ने बाइक से महिला का पीछा करना शुरू कर दिया। सार्वजनिक जगहों पर महिला के साथ अभद्रता भी की।” इसके बाद 23 वर्षीय महिला ने बोरीवली पुलिस स्टेशन में संपर्क किया और सितंबर महीने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। आरोपी को गिरफ्तार किया गया लेकिन जल्द ही वह जमानत पर छूट गया।

अधिकारी ने बताया, “बीते गुरुवार की रात महिला अपने एक दोस्त से मिलने के लिए घर से बाहर निकली थी, इस दौरान आरोपी ने उसे देख लिया और पीछा कर पूछने लगा कि वह उसे अनदेखा क्यों कर रही है? इस दौरान पीडि़ता ने अपने पिता को बुलाया लिया। लड़की के पिता, भाई और दोस्त ने आरोपी को पकड़ लिया। उसकी जमकर पिटाई की।” घटना की जानकारी मिलने के बाद आरोपी के पिता मौके पर पहुंचे और उन्होंने भी अपने बेटे की सबके सामने पिटाई की। इसके बाद आरोपी को अस्पताल ले जाया गया। यहां से डिस्चार्ज होने के बाद आरोपी के पिता उसे खुद पुलिस स्टेशन लेकर गए और हवालात में बंद करवा दिया।