पिछले साल अक्टूबर महीने में राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के 12 कार्यकर्ता उस वक्त मीडिया की सुर्खिया आए थे, जब इन्हें दिवाली पर रिलीज हुई ऐ दिल है मुश्किल के विरोध में मुंबई के मेट्रो सिनेमा में घुसने की कोशिश करने पर गिरफ्तार किया गया था। इस फिल्म में पाकिस्तानी अभिनेता फवाद खान ने भी रोल किया है। मनसे पाकिस्तानी कलाकारों पर बॉलीवुड में काम करने पर बैन लगाने की मांग कर रही थी। उस वक्त मनसे के गिरफ्तार किए गए दो कार्यकर्ताओं की पत्नियां एक बार फिर चर्चा में हैं। दो कार्यकर्ताओं की पत्नियों को बीएमसी चुनाव में पार्टी की ओर से टिकट दिया गया है।
प्रीति गवहाने मनसे के डिविजनल प्रेसिडेंट शेखर गवहाने की पत्नी हैं। ये चंदनवाडी के धोबी तालाव के वार्ड नंबर 222 से चुनाव लड़ रही हैं। शेखर गवहाने को 12 अन्य मनसे कार्यकर्ताओं के साथ अक्टूबर महीने में गिरफ्तार किया गया था। इसके पड़ोसी वार्ड 225 (गेटवे ऑफ इंडिया, फॉर्ट) से पार्टी ने वैशाली गंगवाने को टिकट दिया गया था। वैशाली मनसे कार्यकर्ता सचिन गंगवाने की पत्नी हैं, इन्हें भी मेट्रो सिनेमा में घुसने की कोशिश में उस वक्त गिरफ्तार कियाग या था। ये दोनों सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। बीएमसी के चुनाव 21 फरवरी को होंगे।
कोलाबा में मनसे के डिप्टी डिविजनल हेड निशांत गायकवाड़ ने बताया, ‘हम लोग क्षेत्र में लगातार काम कर रहे हैं, पार्किंग, खराब सड़कों जैसे मुद्दे हमेशा उठाते रहे हैं। इसके अलावा हम लोग ऐ दिल है मुश्किल के खिलाफ हमारे विरोध के बारे में भी लोगों को बता रहे हैं। हम पाकिस्तानी अभिनेताओं पर बैन चाहते हैं। यह मामला देशभक्ति से जुड़ा हुआ है और लोग इसके बारे में जानते हैं।’ निशांत को भी अक्टूबर महीने में गिरफ्तार किया गया था।
बता दें, 19 अक्टूबर को 12 मनसे कार्यकर्ताओं ने दक्षिण मुंबई के मेट्रो सिनेमा में घुसने की कोशिश की थी। इन्होंने सिनेमा प्रबंधन से मांग की थी कि करण जौहर की फिल्म ऐ दिल है मुश्किल यहां ना दिखाई जाए। इन्हें मुंबई पुलिस एक्ट और सीपीसी की धारा 151(3) के तहत गिरफ्तार किया गया था। इसके साथ ही मनसे ने यशश्री पाटिल को भी टिकट दिया है। यशश्री मुंबई पुलिसकर्मी की पत्नी हैं, जिन्होंने काम करने की खराब स्थितियों के खिलाफ 20 दिन की भूख हड़ताल की थी।
