एक फैन अपने पसंदीदा स्टार से मिलने के लिए किसी भी हद तक जा सकता है। ऐसा हम शाहरुख खान की फिल्म ‘फैन’ में देख ही चुके हैं।आप सोच रहे होंगे कि ऐसा केवल फिल्मों में होता है, लेकिन हम आपको एक ऐसी लड़की के बारे में बताने जा रहे हैं, जो न केवल अपने पसंदीदा स्टार से मिलने के लिए घर से भाग गई, बल्कि स्टार से मिलने के लिए उनके अपार्टमेंट की दीवार को भी फांद गई। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, भोपाल की रहने वाली 15 वर्षीय लड़की बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की बहुत बड़ी फैन है। नौंवी में पढ़ने वाली लड़की भोपाल के बेरसिया इलाके की रहने वाली है।

मंगलवार को लड़की सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट की दीवार फांदने की कोशिश कर रही थी कि तभी उसे सिक्युरिटी गार्ड ने देख लिया। इसके बाद सिक्युरिटी गार्ड उसे बांद्रा पुलिस थाने ले गए, जहां पर उसने पुलिस को बताया कि वह सलमान खान की बहुत बड़ी फैन है और घर से भागकर मुंबई उनसे मिलने आई है। इसके बारे में जानकारी देते हुए एक अधिकारी ने बताया कि रविवार शाम लड़की अपना घर छोड़कर मुंबई आई थी। मंगलवार को यहां पहुंचने के बाद उसने अपार्टमेंट के गेट से परिसर में घुसने की कोशिश की, लेकिन सिक्युरिटी गार्ड्स ने उसे अंदर जाने नहीं दिया।

उसने पूछताछ में बताया कि सलमान खान से मिलना उसका सपना था और उसने गार्ड्स से सिफारिश की कि वे उसे सलमान से मिलने की इजाजत दे दें। गार्ड्स ने लड़की से यह कहते हुए मना कर दिया कि सलमान घर पर नहीं है, जिसके बाद लड़की ने फैसला किया कि वह दीवार फांदकर सलमान से मिलने जाएगी। अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक पूछताछ के बाद लड़की को डोंगरी चिल्ड्रन होम भेज दिया गया। वहीं, दूसरी तरफ रविवार को जब लड़की घर नहीं पहुंची तो उसके परिजनों ने सोमवार को उसके अपहरण का केस स्थानीय पुलिस थाने में दर्ज करा दिया था। मुंबई पुलिस ने बेरसिया थाने में लड़की के बारे में सूचना दी तो उन्हें पता चला कि वे भी लड़की की तलाश कर रहे हैं। मुंबई पुलिस किसी तरह लड़की के परिजनों से संपर्क करने में कामयाब हुई और फिर उन्हें उनकी बेटी के बारे में सूचना दी गई।