Maharashtra News: महाराष्ट्र के पालघर जिले में मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर एक कार में महिला के साथ छेड़छाड़ की खबर सामने आई है। महिला के विरोध करने पर उसकी 10 महीने की बच्ची को कार से फेंक दिया गया, जिसके चलते मासूम की मौत हो गई। महाराष्ट्र पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है।
शनिवार सुबह मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर विरार फाटा के पास एक दस महीने की बच्ची को कैब से फेंकने पर उसकी मौत हो गई, जबकि उसकी मां के साथ छेड़छाड़ की गई थी। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि महिला को भी गाड़ी से बाहर धकेल दिया गया और उसे गंभीर चोटें आईं हैं। उन्होंने कहा कि महिला और उसकी बेटी पेल्हार से वाडा तहसील के पोशेरे में शेयरिंग कैब से लौट रही थीं जिसमें कुछ अन्य यात्री भी थे। घटना में मासूम की मौत हो चुकी है, जबकि जख्मी महिला का वसई-विरार महानगरपालिका के अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पालघर में केस दर्ज: महाराष्ट्र पुलिस ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा, “मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर चलती कार में एक महिला से छेड़छाड़ करने के आरोप में विजय कुशवाहा नाम के एक शख्स के खिलाफ पीएस मांडवी, पालघर जिले में आईपीसी की धारा 304 और 354 के तहत मामला दर्ज किया गया है। घटना में महिला के 10 माह के बच्चे की मौत हो गई। महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है।”
कैब ड्राइवर और अन्य यात्रियों ने की छेड़छाड़: पुलिस अधिकारी ने कहा कि महिला और उसकी बेटी पेल्हार से वाडा तहसील के पोशेरे कैब बैठकर लौट रही थीं। कैब में अन्य यात्री भी सवार थे। महिला अपने पति से मिलने जा रही थी। महिला ने पुलिस को बताया कि रास्ते में ड्राइवर और कैब सवार अन्य यात्रियों ने उसके साथ छेड़छाड़ की। महिला के विरोध करने पर उन्होंने बच्ची को छीन लिया और उसे तेज रफ्तार चलती कैब से फेंक दिया।
पुलिस ने कहा कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। आरोप है कि महिला को भी चलती कैब से धक्का देकर नीचे फेंक दिया, जिससे उन्हें चोटें आई हैं। इस मामले में मांडवी पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।