महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में सोमवार को पांच मंजिला इमारत गिर गई। पुलिस ने बताया कि इमारत दस साल पुरानी थी और मलबे में करीब 70 लोगों के फंसे होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि यह इमारत महाड तहसील के काजलपुरा में बनी थी। अधिकारी ने बताया कि अब तक मलबे से 25 लोगों को निकाला गया है। बचाव कार्य के लिए 4-5 और टीमें भेजी गई हैं। इसके अलावा 3 NDRF की टीमें भी जल्द ही साइट पर पहुंचने वाली हैं। ढहने की साइट से एक एंबुलेंस में लोगों को अस्पताल ले जाया जा रहा है। इमारत के गिरने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। इस क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से भारी वर्षा हो रही है।
इमारत गिरने की सूचना मिलने के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने स्थानीय विधायक और रायगढ़ के जिला अधिकारी से स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा, ”सीएम उद्धव ठाकरे ने विधायक भरत गोगावले और कलेक्टर निधि चौधरी से बात की है। उन्होंने महाड में इमारत गिरने की जानकारी ली।” महाराष्ट्र मंत्री अदिति टटकरे ने बताया कि रायगढ़ जिले के महाड में एक 5 मंजिला इमारत की 3 मंजिलें ढह गईं; 200 से अधिक लोगों के फंसे होने की आशंका है। 15 लोगों को बचाया जा चुका है।
इस घटना को लेकर जिला कलेक्टर निधि चौधरी ने कहा कि यह 10 साल पहले ही यह इमारत बनाई गई थी। इमारत में ऊपर के तीन फ्लोर गिर गए हैं। माना जा रहा है कि इस इमारत में 50-60 लोग फंसे हो सकते हैं। हालांकि पुख्ता जानकारी बाद में ही मिल पाएगी।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक रायगड जिले के महाड शहर में तारिक गार्डन नाम की इस पांच मंजिला इमारत गिरने से तकरीबन 70 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जाहिर की गई है। हालांकि माना जा रहा है कि इसमें दबे लोगों की संख्या और भी ज्यादा हो सकती है। फिलहाल मौके पर पर्याप्त टीम पहुंची हुई है। लाइट आदि के भी मुकम्मल इंतजाम किए गए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुणे से NDRF (राष्ट्रीय आपदा अनुक्रिया बल) की दो टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है।