Maharashtra Congress President Harshwardhan Sapkal: विधानसभा चुनाव में बेहद खराब प्रदर्शन के बाद महाराष्ट्र कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष तो बदल दिया लेकिन इस फैसले को लेकर पार्टी के भीतर खुशी का माहौल बिलकुल भी नहीं है। कांग्रेस ने कुछ दिन पहले ही प्रदेश अध्यक्ष के चेहरे पर बदलाव करते हुए नाना पटोले की जगह पर हर्षवर्धन सपकाल को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। सपकाल को इस बड़े पद पर नियुक्त किए जाने को लेकर कई वरिष्ठ नेता नाखुश दिखाई देते हैं।

बताना होगा कि महाराष्ट्र में बीते साल के अंत में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की अगुवाई वाले महाविकास अघाड़ी गठबंधन (एमवीए) को करारी हार का सामना करना पड़ा था। शिवसेना (यूबीटी) को 20, कांग्रेस को 16 और एनसीपी (शरद पवार गुट) को केवल 10 सीटें मिली थीं। चुनाव में बीजेपी के नेतृत्व में महायुति गठबंधन को 230 सीटों पर जीत मिली थी। इसमें बीजेपी ने 132, जबकि उसके सहयोगी दलों– एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने 57 और अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी ने 41 सीटें जीती थीं।

नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर कुछ वरिष्ठ नेताओं की नाराजगी कांग्रेस के लिए महाराष्ट्र में चिंता का विषय है क्योंकि पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद महाराष्ट्र में उसके वजूद को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

महाराष्ट्र कांग्रेस के सूत्रों ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, सतेज पाटिल और विश्वजीत कदम के लिए यह समझना मुश्किल है कि कांग्रेस आलाकमान ने हर्षवर्धन सपकाल को अध्यक्ष क्यों बनाया?

5 साल तक सपकाल कहां थे- कांग्रेस नेता

कांग्रेस के एक नेता ने बताया, ‘पिछले 5 साल में किसी ने सपकाल की ओर से कोई बात नहीं सुनी। जब महाराष्ट्र में एमवीए का शासन था और कांग्रेस सरकार में शामिल थी, तब सपकाल कहीं नहीं दिखाई दिए और जब बीजेपी ने एमवीए की सरकार को गिरा दिया तब भी सपकाल पार्टी का मनोबल बढ़ाने के लिए आगे नहीं आए।’

शशि थरूर ने की PM मोदी की तारीफ तो कांग्रेसियों ने बताया निजी राय; बोले- मेरा यही रवैया रहा है

पृथ्वीराज चव्हाण ने द इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में कहा, ‘जब महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में सपकाल के नाम का ऐलान किया गया तो मैं हैरान रह गया क्योंकि उनके नाम पर चर्चा तक नहीं हुई थी। हमने पार्टी नेतृत्व को सतेज पाटिल का नाम सुझाया था लेकिन ऐसा लगता है कि सतेज पाटिल ने महाराष्ट्र में कांग्रेस की कमान संभालने से इनकार कर दिया।’ चव्हाण ने कहा कि सपकाल को उद्धव ठाकरे और शरद पवार जैसे नेताओं से भी निपटना होगा।

चव्हाण के करीबी सहयोगियों ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री चव्हाण इस मनोनयन से परेशान हैं। कांग्रेस की कोल्हापुर जिला इकाई के अध्यक्ष सतेज पाटिल ने इस बात से इनकार किया कि वह महाराष्ट्र कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त नहीं किए जाने से नाराज हैं। उन्होंने हर्षवर्धन सपकाल की नियुक्ति को सही ठहराया।

‘अभी बहुत लोग जाना चाहते हैं, महाकुंभ की समयसीमा बढ़ाई जाए’, योगी सरकार से अखिलेश की मांग

‘कांग्रेस को जिंदा करना जरूरी’

पाटिल ने कहा कि आज सबसे जरूरी है कि महाराष्ट्र में कांग्रेस को जिंदा किया जाए और इसके लिए सपकाल को महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों का दौरा करने के साथ ही पार्टी नेताओं के बीच की लड़ाई को भी सुलझाना होगा। पाटिल ने बीजेपी के नेता चंद्रकांत पाटिल की तारीफ की और कहा कि प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए पाटिल ने काफी काम किया और पार्टी के लिए हमेशा उपलब्ध रहे।

सांगली से कांग्रेस के विधायक विश्वजीत कदम ने द इंडियन एक्सप्रेस से कहा कि इस फैसले के बारे में पार्टी से ही सवाल किया जाना चाहिए। हालांकि पार्टी के अन्य नेताओं सचिन सावंत, कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंधे ने पार्टी के फैसले को सही ठहराया।

पैरोल पर जेल से बाहर आए सांसद इंजीनियर राशिद ने गडकरी से क्यों की मुलाकात? क्लिक कर जानिए वजह।