महाराष्ट्र बीजेपी के नेता हैदर आजम खान की पत्नी की नागरिकता को लेकर हुए डीएनए टेस्ट का नतीजा आ गया है। हालांकि इस नतीजे को उनके फेवर में आने के बाद भी उनके खिलाफ कार्रवाई होनी तय है। डीएनए परीक्षण में यह साबित हो गया है कि भाजपा नेता हैदर आजम खान की पत्नी रेशमा खैरती खान बांग्लादेशी नहीं भारतीय हैं।
रिपोर्ट के अनुसार वो वास्तव में भारतीय माता-पिता से पैदा हुई थीं और इसलिए, एक भारतीय नागरिक हैं। मुंबई पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी है। हालांकि, भारतीय पासपोर्ट प्राप्त करने के लिए उन्होंने जो जन्म प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया था, वह जाली था। जिसके कारण उनके खिलाफ कार्रवाई होनी तय है।
सूत्रों ने कहा कि पुलिस उनके खिलाफ विदेशी अधिनियम-1946 की धाराओं को हटा देगी, लेकिन उनके खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोप लगने की संभावना है। खान ने बंबई उच्च न्यायालय में मामले पर सवाल उठाया था।
एक अधिकारी ने कहा कि मामले में पुलिस की जांच के हिस्से के रूप में, उन्होंने रेशमा के डीएनए की तुलना खैरती हसन और आसमा हसन से की, जो उनके अनुसार उनके माता-पिता थे। अधिकारी ने कहा- “उनका डीएनए दोनों के साथ मेल खाता है, जिससे पता चलता है कि वह उनकी बेटी हैं। उनके माता-पिता भारतीय नागरिक हैं, जिससे साबित होता है कि वह भी एक भारतीय नागरिक हैं।”
रेशमा के अलावा, आईपीएस अधिकारी देवेन भारती और सहायक पुलिस आयुक्त दीपक फटांगारे पर 2015 में मामला सामने आने पर प्राथमिकी दर्ज करने की अनुमति नहीं देने के लिए भी केस दर्ज किया गया था। मामला पिछले साल दिसंबर में दर्ज किया गया था। रिपोर्ट में पाया गया कि रेशमा ने कथित तौर पर अपना भारतीय पासपोर्ट प्राप्त करने के लिए नकली दस्तावेजों का इस्तेमाल किया था।
इस रिपोर्ट के बाद से बीजेपी नेता हैदर आजम ने काफी राहत की सांस ली होगी। हालांकि दस्तावेज में धोखाधड़ी के कारण उनकी पत्नी के खिलाफ केस चलने की संभावना है।