मद्रास हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश संजय किशन कौल ने सोमवार दो नए न्यायाधीशों को शपथ दिलाई। न्यायमूर्ति एच जी रमेश और न्यायमूर्ति राजीव शाकधर को क्रमश: इलाहाबाद और दिल्ली हाई कोर्ट से छह अप्रैल को स्थानांतरित किया गया था। उन्हें सोमवार सुबह 10 बजे मुख्य न्यायाधीश ने शपथ दिलाई। न्यायमूर्ति रमेश मूल तौर पर कर्नाटक के निवासी हैं। वह दो फरवरी 1993 को जिला जज के तौर पर कर्नाटक न्यायिक सेवा से जुड़े थे। उन्हें आठ सितंबर 2003 को कर्नाटक हाई कोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया था और 24 सितंबर 2004 को वह स्थाई न्यायाधीश बने थे। उन्हें 16 फरवरी 2015 को इलाहाबाद हाई कोर्ट में स्थानांतरित किया गया था।

न्यायमूर्ति राजीव शकधर सुप्रीम कोर्ट, दिल्ली हाई कोर्ट और भारत के अन्य उच्च न्यायालयों में वकालत कर चुके हैं। उन्हें 11 अप्रैल 2008 को दिल्ली हाई कोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। वह 17 अक्तूबर 2011 को मद्रास हाई कोर्ट के स्थाई न्यायाधीश बने थे। हाई कोर्ट में स्थानांतरित किए गए तीसरे न्यायाधीश न्यायमूर्ति राममोहन राव हैं। अभी स्पष्ट नहीं है कि वह शपथ कब लेंगे।