मध्य प्रदेश बीते काफी समय से सुर्खियों में है। अब चर्चा का विषय बनी हैं एक विधायक। बसपा से विधायक रामबाई सिंह का एक वीडियो वायरल हो रहा है। विडियो में रामसिंह बाई सरकारी कर्मचारियों को गाली देती हुई देखी जा सकती हैं। विधायक अपनी विधानसभा क्षेत्र की बटियागढ़ कृषि उपज मंडी में पहुंची थीं। यहां किसानों को हो रही दिक्कत के चलते मंडी सर्वेयर को भद्दी गालियां दी और धक्का मुक्की करते हुए गाड़ी में बैठा दिया।
मंडी में दबंगई दिखाने के बाद मामले पर रामबाई सिंह सफाई देने की जगह अपने किए पर कायम रहीं। उन्होंने कहा, ‘बिल्कुल… गाली देंगे हम… गाली भी देंगे… मारेंगे भी। मुझे किसी का डर है क्या। जनता के साथ गलत होगा तो मैं कुछ भी करने को तैयार हो जाउंगी। इसके बाद उन्होंने कहा, मंडी में एक सर्वेयर किसान का माल पास करके जाता है और दूसरा फेल कर देता है और पैसे मांगता है’।
बता दें कि, विधायक रामबाई सिंह का यह पहला ऐसा मामला नहीं है। बसपा विधायक राम बाई ने सिविल सर्जन को जिला अस्पताल में फटकार लगाई थी। बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के जन्मदिन पर रामबाई जिला अस्पताल में फल बांटने गई थीं। जहां मरीजों ने उनसे अस्पताल को लेकर शिकायत कर दी। जिस बात को लेकर उन्होंने सिविल सर्जन डॉ. ममता तिमोरी से दबंगई भरे लहजे में कहा कि वह अस्पताल की व्यवस्थाएं सुधार लें, अभी वह हाथ जोड़कर कह रहीं हैं। अगर हाथ खुल जाते हैं तो मैं किसी की नहीं सुन पाती। वहीं, पंजाब केसरी की खबर के मुताबिक, मायावती के जन्मदिन के मौके पर दामोह जिले में बीएसपी विधायक रामबाई सिंह ने बार बालाओ को नचवाया था। बताया गया था कि इसका आयोजन रामबाई सिंह ने ही कराया था।