इंदौर से रविवार शाम एक बाघ चिड़ियाघर से पिंजरा तोड़कर फरार हो गया। घटना कमला नेहरू चिड़ियाघर की है। अधिकारियों ने बताया कि घटना जिस समय हुई तब चिड़ियाघर में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और खबर सुनते ही चिड़ियाघर घूमने आए लोगों में दहशत फैल गई। चिड़ियाघर के भीतर प्राणियों के उपचार के लिए बनाए गए अस्पताल में मौजूद सैलानियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके अलावा पूरे चिड़ियाघर को खाली करा लिया गया। इसके अलावा पूरे चिड़ियाघर को खाली करा लिया गया। हालांकि दो घंटे चले रेसक्यू ऑपरेशन के बाद बाघ को पकड़ लिया गया।

वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि यह घटना शाम करीब 5 बजे हुई। यह बाघ अचानक पिंजरा तोड़कर भाग गया, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई। बाघ को ढूंढने का काम तुरंत शुरू कर दिया गया। अंधेरा होने के कारण काफी मुश्किल हुई। चिड़ियाघर से बाहर निकले सैलानियों ने बताया कि उन्होंने बाघ को अपने सामने से निकलते देखा है, मगर उसने उन पर किसी तरह का हमला नहीं किया। वह उसे पिंजरे से बाहर देखकर डर गए थे।

पीट-पीटकर मार डाला था तेंदुआ-

हाल ही में दिल्ली से सटे गुरुग्राम के एक गांव में घुसे तेंदुए को लोगों ने पीट-पीटकर मार डाला था। गुरुग्राम के मंडावर गांव में गुरुवार को इंसानों और तेंदुए के बीच करीब तीन घंटे तक भागने-भगाने का खेल चलता रहा। आखिरकार लोगों ने जाल फेंककर तेंदुए को पकड़ लिया और उसे पीट-पीटकर मार डाला। इस तेंदुए ने गांव के 9 लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया था। घायलों में एक पुलिसकर्मी भी शामिल है।