जम्मू-कश्मीर के गुरेज सेक्टर में हिमस्खलन में शहीद होनेवाले 14 सैनिकों में से एक सैनिक मध्य प्रदेश के शहडोल के रहने वाले थे। शहडोल निवासी देवेंद्र सोनी की लाश आज (27 जनवरी को) मिली है। 25 जनवरी को हुए हिमस्खलन के बाद से वो लापता बताए जा रहे थे। देवेंद्र सोनी शहडोल के वार्ड नंबर 7 के अर्बन बेसिक स्कूल के बगल के निवासी थे। 24 वर्षीय सोनी 51वीं राष्ट्रीय राइफल के जवान थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आज चार लापता सैनिकों के भी शव बरामद हुए हैं। बुधवार की शाम बांदीपुरा जिले में नियंत्रण रेखा से सटे गुरेज सेक्टर में हुए हिमस्खलन ने कई सैनिकों को अपनी चपेट में ले लिया था।

सेना के एक अधिकारी ने बताया कि बांदीपुरा जिले में नियंत्रण रेखा के समीप गुरेज सेक्टर बुधवार शाम बर्फ का एक विशाल चट्टान सेना के शिविर पर आ गिरा जिससे कई सैनिक उसमें फंस गए। उन्होंने बताया कि बचाव अभियान शुरू किया गया और एक जूनियर कमीशनप्राप्त अधिकारी समेत सात सैनिक बचा लिए गए। गुरुवार सुबह तीन सैनिकों के शव निकाले गए।अधिकारी के मुताबिक दूसरा हिमस्खलन भी गुरेज सेक्टर में बुधवार ही शाम हुआ। उसकी चपेट में एक गश्ती दल आ गया जो अपनी चौकी पर जा रहा था। अधिकारी ने कहा, ‘‘बचाव दल घटनास्थल से तीन शव निकाल पाया । कुछ सैनिक अब भी लापता हैं।’ उन्होंने बताया कि कितने सैनिक लापता है- वह अबतक पता नहीं चल पाया है कयोंकि भारी हिमपात से बचाव अभियान में बाधा आ रही है।

बुधवार को मध्य कश्मीर में गंदेरबल जिले के सोनमर्ग में हिमस्खलन की चपेट में आने से एक अधिकारी की जान चली गयी थी । उधर, गुरेज सेक्टर में एक ही परिवार के चार सदस्य भी एक अन्य हिमस्खलन की भेंट चढ़ गये थे। प्रशासन ने नये हिमपात के चलते कश्मीरघाटी में बर्फ वाले क्षेत्रों में ऊंचाई पर हिमस्खलन आने की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में तीन दिनों से रूक रूक कर हिमपात हो रहा है।

बीते कुछ सालों में जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में हिमस्खलन से कई नागरिकों और कई सैनिकों की मौत हो चुकी है। जानकारों का कहना है कि हिमस्खलन का खतरा तब और बढ़ जाता है जब ऐसी जगहों पर मकान या शिविर बनाए जाते हैं। कश्मीर घाटी में बीते चार दिनों से लगातार बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग ने एक-दो दिन और बर्फबारी जारी रहने की आशंका जताई है। प्रशासन ने कश्मीर के कई इलाकों के लिए हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। पुलिस और प्रशासन ने पिछले तीन दिनों तक सैकड़ों लोगों को ऐसे इलाकों से सुरक्षित निकाला है, जहां भारी बर्फबारी हो रही है।