एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक महिला को कुछ पुरुष दिन में ही छू रहे हैं और वह महिला वहां से दूर हटने का प्रयास कर रही है। यह घटना भगोरिया त्योहार मनाने के दौरान का है जो इस क्षेत्र में होली से पहले मनाया जाता है। ये त्योहार एक हफ्ते तक चलता है। घटना मध्यप्रदेश के अलीराजपुर जिले की है।

वहीं अलीराजपुर पुलिस के मुताबिक यह घटना मध्यप्रदेश के सोंडवा तहसील के वालपुर गांव की है। अलीराजपुर के एसपी मनोज कुमार सिंह ने द इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए कहा कि, “शनिवार दोपहर को हमें घटना के बारे में पता चला जब यह वीडियो वायरल हो गया। अभी तक इस घटना के संबंध में कोई भी शिकायत करने के लिए आगे नहीं आया है। लेकिन घटना का संज्ञान में लेते हुए हमने वीडियो बनाने वाले व्यक्ति की पहचान कर ली है और हम महिला को टटोलने वाले पुरुषों को पकड़ने की प्रक्रिया में हैं।”

एसपी मनोज कुमार सिंह ने कहा कि वीडियो बड़वानी के एक निजी कॉलेज के शिक्षक द्वारा बनाया गया था और आरोपी धार और बड़वानी के हैं। आरोपियों पर आईपीसी की धारा 354 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

भगोरिया त्योहार अलीराजपुर, झाबुआ, धार, बड़वानी और पश्चिमी मध्य प्रदेश के जिलों में मनाया जाता है। पुलिस ने बताया कि, “त्योहार के दौरान आदिवासी ताड़ के पेड़ों से बने ताड़ी का सेवन करते हैं। ऐसी बातों को ध्यान में रखते हुए हमने उचित व्यवस्था की थी। लेकिन घटना के सामने आने के बाद हमने वीडियो बनाने वाले व्यक्ति को पकड़ लिया है। महिला के साथ बदसलूकी करने वालों को पकड़ने के लिए एक टीम बनाई गई है।”

इस घटना को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता योगिता भयाना ने गुस्सा जताते हुए ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि , “ऐसे हैवान लोग़ भी है इस दुनिया में ,भरे बाज़ार में ऐसी हैवानियत ? मध्यप्रदेश के अलीराजपुर जिले में भगोरिया हाट में आदिवासी बच्ची के साथ हुई दुर्व्यवहार की घटना।”