जबलपुर में हुए कांग्रेस नेता सहित दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी विहिप नेता प्रवीण तोगड़िया के साथ दिखाई दे रहा है। फोटो में लाल गमछा और चश्मा लगाये हत्याकांड का मुख्य आरोपी विजय यादव ही है जो विहिप के कद्दावर नेता प्रवीण तोगड़िया के साथ नजर आ रहा है। यह फोटो पुलिस के आला अधिकारियों तक भी पहुंच गया है।
मालाएं पहने और हाथ में स्मृति चिन्ह लिए खड़े विहिप नेता प्रवीण तोगड़िया के ठीक बगल में गले में गेरूआ गमछा डाले खड़ा युवक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर विजय यादव है। बताया गया है कि वह हिस्ट्रीशीटर विजय की फेसबुक पर लगा हुआ है। फोटो करीब चार महीने पुराना है और किसी कार्यक्रम का है। आरोप है कि दोहरे हत्याकांड में शिकार हुए राजू मिश्रा कांग्रेस से जुड़े हुए थे। इस बीच यह आरोप भी सामने आया कि हत्या में शामिल आरोपी एक कांग्रेस नेता के होटल में रूके हुए थे।
आरोपियों के एक कांग्रेस नेता के भांजे के साथ गहरे संबंध सामने आए हैं। कांग्रेस नेता का भांजा एन.एस.यू.आई में बड़ा पदाधिकारी रह चुका है। संदिग्ध गतिविधियों के कारण उसे छह महीने पहले ही संगठन ये निष्काषित किया गया है। जनचर्चा है कि कुख्यात हिस्ट्रीशीटर का विहिप के बड़े नेता के साथ फोटो होना इस बात का प्रमाण है कि वह विहिप नेताओं से भी जुड़ा हुआ था।
मामले में हिस्ट्रीशीटर विजय यादव मुख्य सूत्रधार है और अभी फरार है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस ने 30 हजार का इनाम भी रखा है। एडीशनल एस.पी. क्राइम देवेन्द्र प्रताप सिंह का कहना है कि आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। जो जल्द ही पकड़े जाएंगे।
