मध्य प्रदेश के दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री संतोष जोशी पर उनकी पत्नी भार्गवी जोशी ने जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। भार्गवी जोशी ने कोर्ट में दायर एक याचिका में कहा है कि उन्हें गुंडों के जरिये धमकी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि उनके पति संतोष जोशी ने दूसरी शादी कर ली है और उनपर अब तलाक के लिए दबाव डाला जा रहा है। संतोष जोशी मध्य प्रदेश गौपालन एवं पशुधन संवर्धन बोर्ड के उपाध्यक्ष हैं। मध्य प्रदेश सरकार में उन्हें राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त है। खास बात यह है कि RSS के पूर्व सरसंघचालक के. सी. सुदर्शन ने भागर्वी जोशी का कन्यादान किया था। इनकी शादी 15 जून 2012 को हुई थी। भागर्वी जोशी रतलाम की रहने वाली हैं और RSS की राष्ट्रीय सेविका समिति की पूर्णकालिक सदस्य हैं। संतोष जोशी बीजेपी के विधायक भी रह चुके हैं। वह सुसनेर विधानसभा से चुनाव जीत चुके हैं।

भार्गवी जोशी ने अपने पिटीशन में कहा है कि 2014 तक संतोष जोशी का बर्ताव ठीक रहा है, लेकिन 2015 से वह उन्हें परेशान करने लगे। भार्गवी जोशी के मुताबिक संतान नहीं होने पर संतोष जोशी ने उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया और कहने लगे कि वह दूसरी शादी करने जा रहे हैं। भार्गवी के मुताबिक जब उन्होंने इस पर आपत्ति जताई तो उसके पति ने उन्हें मारने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि संतोषी जोशी ने धमकी देकर उनसे पेपर पर हस्ताक्षर भी करवा लिये।

भार्गवी ने बताया कि 12 दिसंबर को जब वब बगलामुखी माता के दर्शन करने गई थी तो एक शख्स ने कहा कि संतोष जोशी ने उसकी बहन से शादी कर ली है। तुम उसे तलाक दे दो। जब भार्गवी जोशी ने इस पर विरोध जताया तो उसे जान से मारने की धमकी गई। भार्गवी जोशी ने दूसरी महिला के साथ अपने पति के रिश्ते को अवैध करार दिया है और कहा है कि इसकी वजह से उनकी हत्या भी हो सकती है।वहीं संतोष जोशी ने कहा है कि ये सब पारिवारिक मामला है। हालांकि उन्होंने कहा कि तलाक के लिए सुसनेर कोर्ट में आवेदन उनकी ओर से दिया गया था। संतोष जोशी का कहना है कि अभी तक उन्होंने दूसरी शादी नहीं की है। एक बार तलाक होने के बाद ही वह शादी के बारे में सोचेंगे।