मध्य प्रदेश में सत्ता में बैठी बीजेपी सरकार की महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष मोहिनी सिंह ने अपनी ही पार्टी के नेताओं पर अपने पति के अपहरण का आरोप लगाया है। उपाध्यक्ष मोहिनी सिंह का कहना है कि बीजेपी के कुछ नेताओं ने उसके पति का अपहरण कर लिया है। उन्होंने इसकी शिकायत एसपी के अलावा डीआईजी, महिला आयोग, मुख्यमंत्री और गृह मंत्री समेत कई जगहों पर की लेकिन एक महीना बीत जाने के बाद भी अभी तक उनके पति का कुछ पता नहीं चला है। वहीं पुलिस का कहना है कि उनके पति की तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार मोहिनी सिंह ने भाजपा नेता श्यामबाबू त्रिवेदी और उनके भाई रामबाबू त्रिवेदी के खिलाफ अपने पति के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई है। मोहिनी ने आरोप लगाया है कि त्रिवेदी भाइयों के साथ उनके पति का किन्हीं पैसों के लेन-देन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। वे आए दिन उनके पति को जान से मारने की धमकियां दिया करते थे। मोहिनी को दोनों त्रिवेदी भाइयों पर उनके पति को गायब करने का शक है। फिलहाल पुलिस के पास दोनों भाइयों के खिलाफ कोई सबूत नहीं है इसलिए उनकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

मोहिनी सिंह ने आरोप लगाया है कि पति के गायब होने के बाद से ही उनपर दवाब बनाया जा रहा है कि वे उनके पति द्वारा लिए गए पैसों को लौटा दें। उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि रोज उनके घर पर फोन करके उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है। उनका कहना है कि इससे मेरे और मेरे बच्चों को मानसिक पीड़ा का समाना करना पड़ रहा है। पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए मोहिनी ने कहा कि एक महीना बीत चुका है लेकिन पुलिस अभी तक मेरे पति को ढूंढ नहीं पाई है। मैं एक समाजसेवी हूं अगर मेरे पति ने गलती की है तो उसे कानूनी तौर पर सजा दिलाई जाए लेकिन अपहरण करने से क्या मिलेगा। इसमें मेरी और मेरे बच्चों की क्या गलती है जो पैसे के लेन-देन के लिए हमें रोज परेशान किया जा रहा है।