मध्‍य प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री और गृह मंत्री बाबूलाल गौर एक बार फिर से विवादों में हैं। सोमवार को 15 अगस्‍त के मौके पर भोपाल में एक कार्यक्रम के दौरान गौर ने कांग्रेस का झंडा थाम लिया। गौर ने कांग्रेस विधायक आरिफ अकील की पैगाम ए मोहब्‍बत रैली का आगाज कांग्रेस पार्टी का झंडा दिखाकर किया। इस कार्यक्रम में गौर केा मुख्‍य अतिथि बनाया था। भाजपा के वरिष्‍ठ नेता की यह तस्‍वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। फोटो के सामने आने के बाद भाजपा नेताओं से जवाब देते नहीं बना। हालांकि गौर ने कहा कि वे भाजपा के साथ ही है।

उन्‍होंने कहा कि केवल झंडा थामा है पार्टी नहीं। वे भाजपा में ही हैं और यह सब दुर्घटनावश हो गया। गौरतलब है कि उन्‍हें पिछले दिनों ही मंत्री पद से हटाया गया था। इसके लिए 75 साल से ऊपर के नेताओं को मंत्री पद पर न रखने के अघोषित नियम का सहारा लिया गया था। मंत्री पद से हटाए जाने पर गौर नाराज थे। उन्‍होंने सार्वजनिक मंच से भी अपनी नाराजगी जाहिर की थी। विधानसभा सत्र के दौरान शिवराज सिंह चौहान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि राज्‍य सरकार कर्ज लेकर घी पी रही है।

गौर अपने बयानों और हरकतों को लेकर लगातार विवादों में रहे हैं। उन्‍होंने शराब को लेकर कहा था कि पीना सबका मौलिक अधिकार है औ यह स्‍टेटस सिंबल भी है। साथ ही एक महिला कार्यकर्ता को गलत तरीके से छूने के मामले में भी उनका नाम आया था।