Uma Bharti On Kanhaiya kumar: भारतीय जनता पार्टी की फायरब्रांड नेता और मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती (Ex Chief Minister Uma Bharti) ने कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार (Congress Leader Kanhaiya Kumar) को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने जहां एक तरफ कन्हैया कुमार की तारीफ की तो वहीं उनकी तुलना करैत सांप से भी कर दी।

मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने छिंदवाड़ा में मीडिया से बात करते हुए कहा कि कन्हैया कुमार का पूरा दिमाग कम्युनिस्टों से चलता है और कम्युनिस्टों को भारतीय धर्म, हिंदू धर्म और भारतीय सोच से नफरत है।

भारती ने कहा कि इन कम्युनिस्टों की संख्या तो कम हो गई है, लेकिन ये करैत सांपों की तरह हैं। करैत सांप कम होते हैं, लेकिन बहुत जहरीले होते हैं। उन्होंने कहा कि वही जहर कन्हैया कुमार के अंदर है, नहीं तो वो लड़का बहुत अच्छा है। उन्होंने कहा कि अगर वो अपनी वाणी पर कंट्रोल रखे थे वो एक अच्छा फाइटर है। वो शोषित वर्ग का अच्छा नेतृत्व कर सकता है।

‘कन्हैया कुमार के दिमाग में भारतीय संस्कृति की मान्यताओं को लेकर जहर भरा है’

मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कन्हैया कुमार के दिमाग में भारतीय संस्कृति की मान्यताओं और हिंदुत्व को लेकर जो जहर है। वो जहर कई बार उसकी जीभ पर आ जाता है। इसी कारण वो इस तरह की बातें करता है। भारती ने कहा कि कन्हैया कुमार को यह समझ ही नहीं है कि इस देश के जितने देवी-देवता हैं, सभी के हाथ में शस्त्र हैं, लेकिन उन्होंने वो शस्त्र हिंसा के लिए नहीं उठाए थे, बल्कि रक्षा के लिए उठाए थे।

उमा भारती ने तीन लॉबी का भी जिक्र किया, जो देश को बर्बाद कर रही हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य के मसले पर सरकारी तंत्र की व्यवस्थाओं को कोसते नजर आई। बोली कि शराब, खनन और पॉवर लॉबी देश को बर्बाद कर रही हैं। बता दें, भाजपा की फायरब्रांड नेता उमा भारती आजकल मध्य प्रदेश में काफी सक्रिय हैं। इस दौरान वो बीजेपी को भी नहीं बख्श रही हैं तो वहीं विपक्ष पर भी लगातार हमलावर हैं।

क्या होता है करैत सांप-

भारतीय उपमहाद्वीप के जंगलों में करैत सापों की प्रजाति पाई जाती है। यह अत्यन्त विषैला सर्प हैं। भारत के सबसे खतरनाक चार सर्पों में से एक है। इस श्रेणी के सर्प ज्यादातर रात में ही निकलते हैं।