मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के ताराना कस्बे में शुक्रवार को दो गुटों के बीच झड़प हुई। जिसके बाद तनाव का माहौल छा गया। ये झड़पें एक दिन पहले शुरू हुईं और पत्थरबाजी, आगजनी और तोड़फोड़ में तब्दील हो गईं। जिसमें एक बस को आग के हवाले कर दिया गया। कई दुकानों और घरों में तोड़फोड़ की गई।

हिंसा की शुरुआत गुरुवार शाम को हुई झड़पों से हुई। जिसमें लगभग छह लोग घायल हो गए। गुरुवार की झड़पें तब भड़कीं जब अपने घर के बाहर एक मंदिर के पास खड़े 22 वर्षीय युवक पर कथित तौर पर हमला किया गया।

शुक्रवार को भी माहौल तनावपूर्ण बना रहा। जिसके चलते प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करनी पड़ी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना उज्जैन जिला मुख्यालय से लगभग 35 किलोमीटर दूर शुक्ला मोहल्ला में घटी। उन्होंने बताया कि 22 वर्षीय एक युवक अपने घर के बाहर एक मंदिर के पास खड़ा था, तभी कथित तौर पर उस पर हमला हुआ।

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को स्थिति तब और बिगड़ गई जब अज्ञात व्यक्तियों ने कथित तौर पर आवासीय संपत्तियों पर पत्थरों से तोड़फोड़ की, खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए और एक बस में आग लगा दी। कई दुकानें और वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार की नमाज के बाद भीड़ जमा हो गई। जिसके दौरान सड़कें अवरुद्ध हो गईं और हिंसा की छिटपुट घटनाएं भी सामने आईं।

एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को हिंसा की घटनाएं सामने आईं। अब तक करीब 15 से 20 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने आगे बताया कि लगातार गश्त जारी है।

यह भी पढ़ें- स्टार्टअप-AI से लेकर स्वास्थ्य पर बात… अखिलेश यादव के ‘विजन इंडिया’ रोड शो का क्या है उद्देश्य?

पुलिस ने पत्थरबाजी, आगजनी और दंगा करने के मामले दर्ज किए हैं। गुरुवार को हुए हमले के सिलसिले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक अन्य संदिग्ध की तलाश जारी है। एहतियात के तौर पर, स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए तराना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।

वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए फ्लैग मार्च और चौबीसों घंटे गश्त की जा रही है। निवासियों से शांत रहने और अफवाहें न फैलाने का आग्रह किया गया है। साथ ही प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- मुरादाबाद में पांच मुस्लिम नाबालिग लड़कियों के खिलाफ FIR दर्ज, हिंदू लड़की को बुर्का पहनाने का मामला