लखनऊ के लूलू मॉल विवाद को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान ने एक बार फिर बयान दिया है। इस बार उन्होंने मॉल के मालिक पर गंभीर आरोप लगाए हैं और इस पूरे विवाद के लिए उन्हें ही जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने इस विवाद में अपने बयान पर राष्ट्रीय स्वयं संघ का भी जिक्र किया है।
उन्होंने कहा कि लूलू मॉल के मालिक आरएसएस के फंड रेजर हैं, वही नमाजी लेकर आया और विवाद खड़ा किया। उन्होंने कहा कि मॉल का नाम लूलू रखने वाले आरएसएस फंड रेजर हैं। उसने मॉल बनाया है। नमाजी भी वही लाया था और विवाद भी उसने ही खड़ा किया। उन्होंने कहा कि मॉल के मालिक को इसका नाम बदलना चाहिए, लेकिन वो बदलेगा नहीं क्योंकि इस नाम से वो कमा रहा है।
आजम ने आगे कहा कि वो अपने गिरेबान में मुंह डाले और जवाब दे। हमसे जवाब ना लिया जाए। इससे पहले भी आजम खान ने लूलू मॉल विवाद को लेकर पूछे गए सवाल पर चिढ़ते हुए जवाब दिया था। उन्होंने कहा, “अमा हमने ना लूलू देखा ना लोलू देखा, हम आज तक किसी मॉल गए नहीं। जो लोग जाते हैं उनसे पूछिए। लूलू लोलो टूलू टोलो। ये भी कोई बात हुई लूलू लूलू और कोई काम नहीं है।”
गौरतलब है कि लूलू मॉल का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था। उद्घाटन के दिन से ही यह मॉल चर्चाओं में है। मॉल के अंदर का एक वीडियो वायरल होने के बाद यह विवादों में घिर गया था। इस वीडियो में मॉल के अंदर कुछ लोगों को नमाज पढ़ते देखा गया था, जिस पर हिंदू संगठनों ने नाराजगी जताई थी।
इसके बाद मॉल प्रशासन ने नोटिस लगाकर कहा कि यहां नमाज या पूजा की इजाजत नहीं है। वहीं, मॉल प्रशासन ने यह भी साफ किया कि वहां काम करने वाला 80 प्रतिशत स्टाफ हिंदू है।