दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने शनिवार को आरोप लगाया है कि उप राज्यपाल नजीब जंग ने उनसे और स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन से मिलने से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि वो सत्येन्द्र जैन के साथ उप राज्यपाल से मिलने गए थे ताकि इस बात पर चर्चा की जा सके कि आखिर ऐसी क्या जरूरत आ पड़ी कि आपने उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को फैक्स कर फिनलैंड दौरा रद्द करके तुरंत वापस आने को कहा है। उन्होंने कहा, “हमें लगा कि निश्चित तौर पर कुछ अतिआवश्यक काम रहे होंगे तभी उप राज्यपाल महोदय ने शुक्रवार को उप मुख्यमंत्री महोदय को विदेश दौरा रद्द कर दिल्ली वापस आने को कहा है। इसलिए हमलोग उनसे मिलने पहुंचे थे कि मामला क्या है लेकिन जैसे ही हम हम उनके दफ्तर पहुंचे, हमें यह जानकर आश्चर्य हुआ कि सप्ताहांत होने की वजह से शनिवार को एलजी दफ्तर नहीं आएंगे।”
कपिल मिश्रा ने कहा कि “जब उन्हें फोन पर संपर्क करने की कोशिश की तो उन्होंने सत्येन्द्र जैन जी से कहा कि वो घर पर नहीं हैं और आज नहीं मिल सकते।” मिश्रा ने आरोप लगाया कि एलजी आज शनिवार को काम नहीं करना चाहते। जब उनसे पूछा गया कि क्या आपने पहले LG से मिलने के लिए अप्वायंटमेंट ली थी तो उन्होंने कहा कि जब दिल्ली में डेंगू ने पैर पसार रखे हैं, लोग परेशान हैं तब हम ऐसी स्थिति में अप्वायंटमेंट लेने का इंतजार नहीं कर सकते। उन्होंने आरोप लगाया कि एलजी ने उनके मोबाइल को ब्लॉक कर दिया है और उनका कॉल रिसीव नहीं कर रहे हैं।
गौरतलब है, कि दिल्ली में इस वक्त डेंगू और चिकनगुनिया ने कहर मचा रखा है। दोनों से अबतक 30 लोगों की जान भी जा चुकी है। वहीं 2,800 लोग इसकी चपेट में है। लोगों का अंदेशा है कि यह महामारी में बदल सकती है। इस वक्त सिसोदिया के अलावा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी दिल्ली में नहीं है। वह इस वक्त अपने गले का इलाज करवाने के लिए बेंगलूरू में है। बुधवार (14 सितंबर) को उनके गले का ऑपरेशन हुआ था। उन्हें कुछ दिन बोलने से भी मना किया गया है। इसी के मद्देनजर एलजी ने शुक्रवार को उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को फैक्स भेजकर फिनलैंड का दौरा बीच में ही रद्द कर तुरंत दिल्ली लौटने का आदेश दिया था।
Read Also-नजीब जंग का मनीष सिसोदिया को ‘आदेश’- जल्द से जल्द वापस आओ