कर्नाटक में एक लिंगायत धर्मगुरु अपने मठ में मृत पाए गए। बेलगावी जिले में अपने मठ में उनका शव लटका मिला और शव के साथ एक सुसाइड नोट भी मिला है। सुसाइड नोट को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि श्री गुरु मदीवालेश्वर मठ के बसवा सिद्धलिंग स्वामी को उनके अनुयायियों ने सोमवार की सुबह उनके मठ में फांसी पर लटका पाया। सूत्रों का कहना है कि सिद्धलिंग कथित तौर पर एक वीडियो को लेकर परेशान थे। इस वीडियो में दो महिलाएं कुछ मठों में यौन उत्पीड़न को लेकर चर्चा कर रही थीं। इस वीडियो में महिलाओं ने उनके नाम का भी जिक्र किया था।
बता दें कि इस महीने की शुरुआत में दो लड़कियों के यौन उत्पीड़न के आरोप में राज्य के मुरुघा मठ के प्रमुख शिवमूर्ति शारानारु को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। लड़कियों का आरोप था कि शिवमूर्ति शरणारू सालों से उनका यौन शोषण कर रहे थे। धर्मगुरु को चित्रदुर्ग और मैसूर जिलों में विभिन्न संगठनों के विरोध के बाद गिरफ्तार किया गया था।
सोमवार को अदालत ने शिवमूर्ति को नौ दिनों की न्यायिक हिरासत में सौंपने का निर्देश दिया। चित्रदुर्ग की सेशन कोर्ट में महंत की जमानत याचिका स्थगित कर दी गई है। महंत ने मेडिकल ग्राउंड के तहत जमानत याचिक दायर की थी।
पिछले हफ्त शुक्रवार को शिवमूर्ति मुरुगा शारानारु को जेल से चित्रदुर्ग के अस्पताल में भर्ती किया गया था। जेल में महंत ने सीने में दर्द और बेचैनी की शिकायत की थी। पोक्सो अधिनियम के तहत पिछले गुरुवार को महंत को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महंत को गिरफ्तार कर जेल में लाया गया, जहां वह दर्द की शिकायत के बाद बेहोश हो गए थे।