हरियाणा के पलवल में गुरुवार को एक तेंदुए के घर में घुस जाने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि तेंदुए को चीनी मिल के डायरेक्टर के घर में देखा गया था। इलाके में तेंदुए के होने की खबर गांव वालों ने वन विभाग को दी। इसके बाद वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पकड़ा तब जाकर इलाके के लोगों को राहत की सांस मिली। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पलवल के राम नगर में गुरुवार को स्थानीय चीनी मिल के डायरेक्टर रमेश चंद गुदराना के घर में एक तेंदुए को देखा गया था। गुदराना से मिलने आए एक ग्रामीण ने तेंदुए को उनके घर में जाते देखा। खबर मिलते ही गांव वाले उनके घर एकत्रिट होने लगे। इसके बाद तेंदुए को लालच देकर बाथरुम में बंद कर दिया गया। गांव वालों के अनुसार तेंदुआ सुबह नौ बजे के करीब घर में घुसा था।

वन विभाग के टीम ने पकड़ाः तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग के एक टीम पलवल पहुंची। एडिशनल प्रिंसिपल चीफ कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट विनोद कुमार के अनुसार तेंदुए को एक घंटे में सफलतापूर्वक पकड़ लिया गया। उन्होंने बताया कि वह एक नर है जिसका वजन करीब 60 किलो का है। वन विभाग के करीब छह से सात लोगों की टीम ने इसे पकड़ा है।

वन विभाग की टीम तेंदुए को पकड़ कर गुरुग्राम ले गई। जहां से उसे जंगल में छोड़ दिया जाएगा। बता दें कि इस रेस्क्यू ऑपरेशन में जान-माल की कोई क्षति नहीं हुई है। तेंदुए के पकड़े जाने से गांव वालों ने राहत की सांस ली।